Rajasthan Panchayat Election: धनतेरस के चलते तीन चरणों के मतदान की तारीखें बदलीं

Rajasthan Panchayat Election: धनतेरस के चलते तीन चरणों के मतदान की तारीखें बदलीं

जयपुर, छह अक्टूबर राजस्थान राज्य निर्वाचन आयोग ने धनतेरस से जुड़ी धार्मिक भावनाओं को ध्यान में रखते हुए पंचायती राज चुनाव के पहले तीन चरणों की मतदान तिथियों में बदलाव किया है। इन चरणों का मतदान अब तय तिथि से एक दिन पहले होगा। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

संशोधित कार्यक्रम के अनुसार, पहले चरण में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए मतदान 23 अक्टूबर के बजाय 22 अक्टूबर को होगा, जबकि पंच और सरपंच पदों के लिए मतदान 25 अक्टूबर के बजाय 24 अक्टूबर को होगा। दूसरे चरण में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए मतदान 29 अक्टूबर के बजाय 28 अक्टूबर को तथा पंच और सरपंच पदों के लिए 31 अक्टूबर के बजाय 30 अक्टूबर को होगा। इसी तरह तीसरे चरण में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए मतदान चार नवंबर के बजाय तीन नवंबर को तथा पंच और सरपंच पदों के लिए मतदान छह नवंबर के बजाय पांच नवंबर को होगा।

निर्वाचित वार्ड पंचों द्वारा उपसरपंचों का अप्रत्यक्ष चुनाव पहले, दूसरे और तीसरे चरण के लिए क्रमशः 25 अक्टूबर, 31 अक्टूबर और छह नवंबर को होगा। आयोग ने बताया कि संशोधित कार्यक्रम के अनुसार पहले तीन चरणों में जिला परिषद और पंचायत समिति चुनाव के लिए मतदान दल अब क्रमशः 21 अक्टूबर, 27 अक्टूबर और दो नवंबर को अपने-अपने मतदान केंद्रों के लिए रवाना होंगे। चौथे चरण के कार्यक्रम में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

इसमें जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए 14 नवंबर तथा पंच और सरपंच पदों के लिए 16 नवंबर को मतदान होगा। जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए 20 नवंबर को होने वाली मतगणना सहित चुनाव कार्यक्रम के अन्य चरणों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। राज्य में 41 जिला परिषद, 457 पंचायत समितियों और 14,403 ग्राम पंचायतों के सदस्यों के लिए चुनाव कराए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *