शाजापुर शहर के व्यस्त बस स्टैंड स्थित मां राजराजेश्वरी मंदिर के सामने चाट चौपाटी पर सोमवार देर शाम सांप निकलने से अफरा-तफरी मच गई। उस समय चौपाटी पर बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। सांप दिखाई देते ही दुकानदार और राहगीर सुरक्षित जगह की ओर हटने लगे। सांप देखने उमड़ी लोगों की भीड़ प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सांप काफी देर तक चाट की दुकानों के आसपास घूमता रहा। उसे देखने के लिए कुछ ही देर में लोगों की भीड़ जमा हो गई। डर के कारण कई दुकानदार अपनी दुकानें छोड़कर दूर चले गए। भीड़ बढ़ने से कुछ देर यातायात भी प्रभावित रहा। रेंगते हुए बोलेरो में घुस गया सांप इसी दौरान सांप रेंगते हुए दुकानों के पास खड़ी एक बोलेरो गाड़ी में घुस गया। इसके बाद वाहन चालक और सर्प रेस्क्यू करने वाले मौके पर पहुंचे। भीड़ से दूर सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू करने के लिए बोलेरो को कुछ दूरी पर ले जाया गया। बोलेरो को सुरक्षित स्थान पर ले जाकर सांप को बाहर निकालने के प्रयास किए गए। घटना के बाद चौपाटी पर मौजूद दुकानदारों और राहगीरों ने राहत की सांस ली।

