West Bengal Politics: पश्चिम बंगाल BJP अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य ने SIR विवाद को लेकर कांग्रेस और विपक्ष पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि आम जनता को इससे कोई दिलचस्पी नहीं है कि कौन कॉकरोच है और कौन केकड़ा। इसके साथ ही उन्होंने नंदीग्राम और रेजीनगर उपचुनाव में BJP की जीत का दावा किया।
Samik Bhattacharya: पश्चिम बंगाल बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य ने स्पेशल इंटेंसिव रिविजन (SIR) विवाद को लेकर हो रहे विरोध को लेकर विपक्ष और कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) पर निशाना साधा है। कांग्रेस को परजीवी पार्टी बताते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग मुद्दों का सीधे सामना करने के बजाय पिछले दरवाजे से राजनीति कर रहे हैं। इसके अलावा शमिक भट्टाचार्य ने बंगाल में हो रहे विधानसभा उपचुनावों में नंदीग्राम और अल्पसंख्यक बहुल रेजीनगर दोनों सीटों पर भाजपा की ऐतिहासिक जीत का दावा किया है।
कौन कॉकरोच-कौन केकड़ा, जनता को दिलचस्पी नहीं – शमिक भट्टाचार्य
कोलकाता में मीडिया से बातचीत के दौरान SIR विवाद और विपक्ष के विरोध को लेकर पूछे गए सवाल पर शमिक भट्टाचार्य ने कहा कि आम जनता को इस तरह की बयानबाजी में कोई रुचि नहीं है। उन्होंने कहा, “कौन कॉकरोच है और कौन केकड़ा है, यह सब लेकर हिंदुस्तान की आम जनता को सोचने की कोई इच्छा नहीं है। कांग्रेस एक पैरासाइट पार्टी बन चुकी है।”
बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष ने आगे आरोप लगाया कि विपक्ष में कुछ ऐसे लोग हैं जो सीधी बातचीत से बचते हैं और दूसरों की आंखों में आंखें डालकर बात नहीं कर सकते, इसलिए वे पिछले दरवाजे से राजनीति कर रहे हैं।
पिछले रिकॉर्ड से पांच गुना बड़े अंतर से नंदीग्राम जीतने का दावा
नंदीग्राम और रेजीनगर विधानसभा उपचुनावों के लिए चल रही वोटिंग को लेकर प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य ने बड़ी जीत का भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि बीजेपी दोनों सीटें जीतेगी। उन्होंने दावा किया कि पार्टी नंदीग्राम में अपनी पिछली जीत के अंतर से कम से कम पांच गुना ज्यादा अंतर से जीत हासिल करेगी।
रेजीनगर सीट के नतीजे चौंकाने वाले होंगे – शमिक भट्टाचार्य
मुर्शिदाबाद जिले में अल्पसंख्यक बहुल क्षेत्र के तौर पर जानी जाने वाली रेजीनगर सीट के को लेकर शमिक भट्टाचार्य ने कहा कि वहां राजनीतिक समीकरण पूरी तरह से बदल गए हैं। भट्टाचार्य ने कहा कि अक्सर यह कहा जाता है कि रेजीनगर एक अल्पसंख्यक बहुल क्षेत्र है और अल्पसंख्यक समुदाय बीजेपी का समर्थन नहीं करता है, लेकिन इस बार के नतीजे खुद सब कुछ बता देंगे। वहां भी भारतीय जनता पार्टी का उम्मीदवार ही जीतेगा।

