आगरा. ढोल-नगाड़ों और बैंड-बाजों की गूंज के बीच मंगलवार को उत्तर भारत की सुप्रसिद्ध राम बारात निकलेगी। इस बार 200 झांकियों से सजी बारात में आस्था, सनातन परंपरा और सामाजिक संदेशों का विराट संगम देखने को मिलेगा। बारात के सबसे आगे रजत रथ पर भगवान विष्णु और लक्ष्मी जी विराजमान होकर नेतृत्व करेंगे। इसके बाद गोवर्धन लीला, तिरुपति बालाजी, सांवरिया सेठ, सालासर बालाजी, श्रीनाथजी, वैष्णो देवी और भगवान जगन्नाथ समेत देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों की झांकियां शामिल होंगी। श्रीरामलीला कमेटी के महामंत्री राजीव अग्रवाल ने बताया कि इस बार 15 भव्य झांकियां विशेष रूप से तैयार की गई हैं। इनमें फल-मेवा से सजी झांकियों के साथ सामाजिक, आध्यात्मिक और देशभक्ति का संदेश देने वाली झांकियां भी होंगी। बारात प्रभारी प्रवीण स्वरूप बंसल ने बताया कि दक्षिण से उत्तर भारत तक के ऐतिहासिक मंदिरों की परंपराओं को झांकियों में दिखाया गया है। शुरुआती पांच झांकियां गणपति की होंगी, जिसमें 8 फुट के गणेश जी हाथ जोड़कर बारात की अगवानी करेंगे। 7 किलो के रजत मुकुट में दमकेंगे रघुवर श्रृंगार कमेटी प्रभारी राहुल शर्मा ने बताया कि भगवान राम के लिए 7 किलो का रजत मुकुट तैयार किया गया है। इसमें सूर्य चिह्न, जयपुर से लाई गई विशेष कलगी, भगवान विष्णु के पांच आयुध और नृत्य करते मोर की आकृति बनाई गई है। लक्ष्मण जी का साढ़े छह किलो का मुकुट शेषनाग की आकृति से सजाया गया है, जिसमें रत्न जड़े हैं। बारात के साथ चलेंगी दो एंबुलेंस कमेटी सदस्य मुकेश जौहरी ने बताया कि आकस्मिक चिकित्सा के लिए हेल्प आगरा की दो एंबुलेंस बारात के साथ चलेंगी। बारात दोपहर 3 बजे रावतपाड़ा मनकामेश्वर मंदिर से शुरू होगी। सभी झांकियां दरेसी नंबर एक पर एकत्र होकर क्रमवार आगे बढ़ेंगी। प्रयास है कि रात 11 बजे तक सभी झांकियां बेलनगंज पहुंच जाएं। जनकपुरी में सफाई के लिए 200 कर्मचारी तैनात जनकपुरी महोत्सव को लेकर नगर निगम ने सफाई के विशेष इंतजाम किए हैं। 200 अतिरिक्त सफाईकर्मी दो शिफ्ट में तैनात किए गए हैं। 9 सुपरवाइजर निगरानी करेंगे। नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव वर्मा ने बताया कि बुधवार से शुरू हो रहे महोत्सव को देखते हुए फॉगिंग और एंटी लार्वा छिड़काव कराया जा रहा है।

