वार्ड नंबर 55 बंधु सिंह नगर में मानक के विपरीत आरसीसी नाली निर्माण कराए जाने का मामला सामने आने के बाद नगर निगम ने ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। शिकायत और सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के बाद नगर निगम की टीम ने सोमवार को मौक पर पहुंचकर जांच की। जांच में आरसीसी स्लैब की कास्टिंग में मानक के अनुरूप सरिया नहीं मिलने के साथ निर्माण की गुणवत्ता भी खराब पाई गई। इसके बाद गुणवत्ता विहीन स्लैब को तत्काल तुड़वा दिया गया और मानक के अनुसार दोबारा निर्माण कराने के निर्देश दिए गए।
बंधु सिंह नगर में दाउद के मकान से महफूज के मकान होते हुए बिक्की के मकान तक आरसीसी नाली और सीसी सड़क का निर्माण नगर निगम निधि से कराया जा रहा है। सोमवार को स्थानीय लोगों ने निर्माण में अनियमितता का आरोप लगाते हुए उपसभापति पूनम सिंह से शिकायत की। इसके साथ ही निर्माण का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। वीडियो में कथित तौर पर कागज के गत्ते पर सरिया रखकर आरसीसी स्लैब की ढलाई करते हुए दिखाया गया। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उपसभापति ने नगर आयुक्त अजय जैन से मौके पर जांच कर कार्रवाई की मांग की। इसके बाद अपर नगर आयुक्त गौरव रंजन श्रीवास्तव के निर्देश पर अवर अभियंता दीपक शाह मौके पर पहुंचे और निर्माण की गुणवत्ता की जांच की।
जांच में सरिया भी मानक के अनुरूप नहीं मिला
अवर अभियंता की जांच में कुछ स्थानों पर आरसीसी स्लैब की कास्टिंग में निर्धारित मानक के अनुरूप सरिया नहीं पाया गया। निर्माण की गुणवत्ता भी संतोषजनक नहीं मिली। इसके बाद नगर निगम की टीम ने गुणवत्ता विहीन स्लैब को मौके पर ही तुड़वा दिया। ठेकेदार को मानक के अनुसार दोबारा निर्माण कराने के निर्देश दिए गए।
जमानत राशि जब्त, एक साल का ब्लैकलिस्ट
अपर नगर आयुक्त गौरव रंजन श्रीवास्तव ने बताया कि निर्माण कार्य में अनियमितता मिली है। इसके चलते संबंधित ठेकेदार मेसर्स कल्याणी कंस्ट्रक्शन की जमानत राशि जब्त कर ली गई है। साथ ही ठेकेदार को एक वर्ष के लिए ब्लैकलिस्ट कर दिया गया है।
अपर नगर आयुक्त गौरव रंजन श्रीवास्तव ने कहा कि- “अनियमितता मिली है। ठेकेदार मेसर्स कल्याणी कंस्ट्रक्शन की जमानत राशि जब्त कर एक वर्ष के लिए ब्लैकलिस्ट कर दिया गया है।”

