गोंडा देहात कोतवाली क्षेत्र के दर्जीकुआं चौकी अंतर्गत रायपुर स्थित कंपोजिट शराब की दुकान पर सोमवार रात करीब 7 बजे कहासुनी के बाद फायरिंग का मामला सामने आया। शराब पीने के दौरान दो पक्षों में विवाद हुआ। इसके बाद एक पक्ष के लोग कार में बैठकर जाने लगे और इसी दौरान फायरिंग की गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। बताया जा रहा है कि सोमवार शाम करीब 6 बजे स्विफ्ट डिजायर वीडीआई से कुछ लोग कंपोजिट शराब की दुकान पर शराब लेने पहुंचे थे। शराब लेने के बाद वे दुकान के पास बैठकर खाने-पीने लगे। करीब 7 बजे कुछ अन्य लोग भी शराब लेने पहुंचे और वहीं शराब का सेवन करने लगे। इसी दौरान दोनों पक्षों में किसी बात को लेकर कहासुनी और गाली-गलौज शुरू हो गई। दुकान के कर्मचारियों ने दोनों पक्षों को अलग-अलग कर अपने-अपने घर जाने के लिए कहा, लेकिन काफी देर तक हंगामा चलता रहा। जाते समय कार सवारों ने चलाई गोली हंगामे के बाद एक पक्ष के लोग स्विफ्ट डिजायर वीडीआई से जाने लगे। आरोप है कि कार सवार लोगों में से किसी एक ने असलहे से फायर कर दिया। गोली चलने से मौके पर हड़कंप मच गया। दुकान के सेल्समैन ने दौड़कर एक व्यक्ति को पकड़ लिया, जबकि अन्य लोग मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर देहात कोतवाल शमशेर बहादुर सिंह और सीओ नगर योगेंद्र सिंह पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पूछताछ की और शराब की दुकान के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी चेक की जा रही है। सीओ नगर योगेंद्र सिंह ने बताया कि शराब की दुकान पर फायरिंग की सूचना मिली थी। मौके पर पूछताछ में पता चला कि शराब खरीदकर उसका सेवन करने के दौरान दो पक्षों में कहासुनी हुई थी। इसके बाद एक पक्ष कार में बैठकर जाने लगा। इसी दौरान पीछे से कार सवार लोगों में से किसी एक व्यक्ति ने फायर किया। एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मौके पर शांति व्यवस्था कायम है और अन्य विधिक कार्रवाई की जा रही है।

