छतरपुर जिले के पुर गांव में खेत में भैंस घुसने को लेकर विवाद हो गया। कुछ लोगों ने महिला पर फरसे से हमला कर दिया। हमले में रीना पटेल के सिर में 14 टांके लगे हैं। उन्हें जिला अस्पताल के ट्रॉमा वार्ड में भर्ती कराया गया है। उनके पति कालीचरण ने तीन लोगों पर घर में घुसकर मारपीट करने का आरोप लगाया है। महिला ने बताया कि शनिवार को दीनदयाल पटेल की भैंस उनके खेत में घुस गई थी। जानवरों को खेत से बाहर निकालने के बाद दीनदयाल और उनके बेटे प्रेमचंद पटेल ने गाली-गलौज कर धमकी दी। शाम को महाराजपुर थाने में इसकी शिकायत की थी। दंपति का आरोप है कि शिकायत की जानकारी मिलने के बाद रात करीब 10 बजे दीनदयाल, प्रेमचंद और आकाश त्रिपाठी लाठी-डंडे, फरसा और कट्टा लेकर उनके घर पहुंचे। महिला के सिर पर फरसा लगा महिला ने बताया कि तीन लोग घर में घुसे कालीचरण(पति) से मारपीट करने लगे। जैसे ही हम बचाने पहुंचे तो मेरे सिर पर फरसा लग गया। रीना के शरीर के कई हिस्सों में भी चोटें आई हैं। उनका जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।
दंपति ने संबंधित थाने पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस ने घटना की गंभीरता के हिसाब से केस दर्ज नहीं किया। पुलिस आरोपियों को बचाने में लगी रही। SP बोले- मेडिकल रिपोर्ट के बाद कार्रवाई करेंगे एसपी रजत सकलेचा ने बताया कि महिला उनके पति के साथ मारपीट के मामले में महाराजपुर थाने में आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मेडिकल रिपोर्ट के बाद कार्रवाई की जाएगी।

