Kangana Ranaut Reaction: बॉलीवुड एक्ट्रेस और बीजेपी सांसद कंगना रनौत ने हॉलीवुड एक्ट्रेस ऐनी हैथवे के फाइनेंशियल इंडिपेंडेंस को लेकर दिए बयान पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। कंगना ने ऐनी के उस कोट को इंस्टाग्राम स्टोरी पर शेयर किया, जिसमें एक्ट्रेस ने कम उम्र में ही अपने खर्चों के लिए किसी और पर निर्भर न रहने का फैसला करने की बात कही थी। कंगना की प्रतिक्रिया से साफ है कि वह भी कम उम्र में आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने की सोच से खुद को जोड़ती हैं।

ऐनी हैथवे ने कही थी ये बात
ऐनी हैथवे का जो बयान कंगना ने शेयर किया, उसमें वह कहती हैं कि उन्होंने छोटी उम्र में ही तय कर लिया था कि अपने बिल भरने के लिए वह कभी किसी और पर निर्भर नहीं रहेंगी। उन्होंने आगे कहा कि उन्होंने इस फैसले को अपनी जिंदगी में निभाया भी।
फाइनेंशियल इंडिपेंडेंस से जुड़े इस बयान को अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर शेयर करते हुए कंगना ने लिखा, “यह सब अपने 15 साल के खुद से किसने कहा? हाथ उठाओ।” इसके साथ उन्होंने हाथ उठाने वाला इमोजी भी लगाया। कंगना की इस प्रतिक्रिया से उनका इशारा अपनी उस सोच की तरफ था, जिसके बारे में वह पहले भी बात कर चुकी हैं। एक्ट्रेस ने अपने शुरुआती दिनों में खुद के दम पर जिंदगी चलाने और आर्थिक रूप से स्वतंत्र बनने के अनुभव साझा किए हैं।
15 साल की उम्र में घर छोड़ने की बात
कंगना ने 2013 में ‘हिंदुस्तान टाइम्स’ को दिए एक इंटरव्यू में अपने शुरुआती संघर्षों को याद किया था। उन्होंने बताया था कि टीनएज में वह घर छोड़कर दिल्ली आ गई थीं। वहां अपना खर्च चलाने के लिए उन्होंने मॉडलिंग असाइनमेंट किए और थिएटर में भी काम किया।
उस दौर की आर्थिक परेशानियों को याद करते हुए कंगना ने बताया था कि कई बार उन्हें ब्रेड और अचार खाकर गुजारा करना पड़ता था। बाद में ‘गैंगस्टर’ के ऑडिशन के लिए मुंबई भेजे जाने के बाद वह मुंबई चली गईं। एक अन्य इंटरव्यू में कंगना ने बताया था कि जब उन्होंने घर छोड़कर दिल्ली में स्वतंत्र रूप से रहना शुरू किया, तब वह 15 साल की थीं। उन्होंने मॉडलिंग शुरू की और अरविंद गौर के अस्मिता थिएटर ग्रुप से जुड़ गईं। कंगना ने यह भी बताया था कि उनके पिता ने बाद में उन्हें 50 हजार रुपये देने की पेशकश की थी, लेकिन उन्होंने आर्थिक मदद लेने से इनकार कर दिया। वह खुद अपना खर्च उठाना चाहती थीं और अपने दम पर आगे बढ़ना चाहती थीं।





