Kalyan Railway Station News: मुंबई के पास कल्याण रेलवे स्टेशन पर एक डिप्टी स्टेशन मास्टर की कथित पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि राज ठाकरे की पार्टी महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) की रेलवे यूनियन संगठन से जुड़े पदाधिकारियों ने रेलवे अधिकारी के साथ मारपीट की। आरोप है कि डिप्टी स्टेशन मास्टर ने एक महिला रेल कर्मचारी के साथ कथित तौर पर अनुचित व्यवहार किया था। हालांकि, पुलिस की ओर से इन आरोपों की पुष्टि नहीं की गई है। मामले में कुछ मनसे कार्यकर्ताओं को पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने की जानकारी सामने आई है।
वायरल वीडियो में कुछ लोग डिप्टी स्टेशन मास्टर को घेरकर मारपीट करते नजर आ रहे हैं। इस दौरान रेलवे पुलिस (GRP) के जवान बीच-बचाव करते और स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश करते दिखाई दे रहे हैं।
6 महीने से परेशान करने का आरोप
रिपोर्ट्स के अनुसार, महिला कर्मचारी रेलवे में ‘पॉइंट्समैन’ के पद पर कार्यरत है। उसने आरोप लगाया कि डिप्टी स्टेशन मास्टर आशुतोष कुमार पिछले करीब छह महीने से उसके साथ अनुचित व्यवहार कर रहे थे। महिला का यह भी आरोप है कि आशुतोष कुमार ने उसे व्हाट्सएप पर मैसेज भेजकर अपने घर मिलने के लिए बुलाया था।
महिला कर्मचारी ने दावा किया कि कुमार के इस व्यवहार की शिकायत उन्होंने की थी, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। जिसके बाद महिला कर्मचारी ने मामले की जानकारी महाराष्ट्र नवनिर्माण रेलवे कामगार सेना के पदाधिकारियों को दी।
डिप्टी स्टेशन मास्टर के कार्यालय में घुसकर की मारपीट
महिला की शिकायत मिलने के बाद मनसे से जुड़े पदाधिकारी और कार्यकर्ता कल्याण रेलवे स्टेशन पहुंचे। वह सीधे डिप्टी स्टेशन मास्टर के कार्यालय में गए और मैसेज दिखाकर आशुतोष कुमार से सवाल-जवाब किया।
इसके बाद उन्होंने कथित तौर पर ऑन ड्यूटी अधिकारी की पिटाई कर दी। वायरल वीडियो में भी कुछ मनसे कार्यकर्ता आशुतोष कुमार के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। मौके पर मौजूद कल्याण राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) के जवानों ने हस्तक्षेप कर स्थिति को संभालने की कोशिश की।
मनसे कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया
घटना के बाद जीआरपी ने कथित मारपीट में शामिल कुछ मनसे कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया है। हालांकि, महिला रेलवे कर्मचारी द्वारा लगाए गए आरोपों और घटना को लेकर पुलिस की कार्रवाई की पूरी जानकारी सामने आना अभी बाकी है।

