धौलपुर पुलिस ने पिछले 24 घंटे में जिलेभर में अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए अभियान चलाया। पुलिस की 67 टीमों ने करीब 450 संदिग्ध ठिकानों पर दबिश दी। इस दौरान 246 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई। अभियान में 5 इनामी बदमाश, 4 हार्डकोर अपराधी और 27 वारंटियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस मुख्यालय और भरतपुर रेंज आईजी डॉ. प्रीति चंद्रा के निर्देश पर एसपी विकास सांगवान के नेतृत्व में यह कार्रवाई हुई। इसमें करीब 280 पुलिस अधिकारी और जवान शामिल थे। जारी रहेगा अभियान
पुलिस ने हार्डकोर अपराधियों, हिस्ट्रीशीटरों, फायरिंग व आर्म्स एक्ट से जुड़े लोगों, अवैध शराब व मादक पदार्थों के तस्करों और अन्य वांछित अपराधियों के ठिकानों पर छापेमारी की। उनके मोबाइल फोन और नेटवर्क की भी जांच की गई।
इस अभियान में 14 सामान्य मामलों, 1 जघन्य मामले, 5 अवैध शराब मामलों और 43 आर्म्स एक्ट के मामलों में वांछित अपराधियों पर कार्रवाई हुई। एसपी विकास सांगवान ने बताया कि अपराधियों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

