कैथल में सीआईए कलायत पुलिस की टीम द्वारा गांव बाता में एक पटाखों की फैक्ट्री पर रेड की गई। फैक्ट्री में बिना लाइसेंस व परमिट के विस्फोटक पदार्थ से पटाखे तैयार किए जा रहे थे। फैक्ट्री पर छापेमारी करते हुए पुलिस ने 2 आरोपियों को गिरफ्तार भी कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से 2 गाड़ियों में तैयार 134 पेटियां पटाखे बरामद किए गए। रेड में पकड़े गए आरोपियों की पहचान गांव बाता निवासी अंकित व सोमपाल के रूप में हुई है। बाहर बेचने की फिराक में थे सीआईए कलायत प्रभारी एएसआई मनीष कुमार ने बताया कि उनकी टीम को गश्त दौरान एक गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ लोग गांव बाता में गाड़ी (छोटा हाथी) से पटाखों की पेटियां लोड कर बाहर बेचने की फिराक में हैं। इनके पास पटाखों के संबंध में कोई लाइसेंस या परमिट नहीं है। सूचना पर पुलिस टीम ने गांव बाता में फ्लाइओवर के नीचे बने अंडर ब्रिज से तितरम की तरफ जाने वाले रास्ते पर प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र बाता के गेट के सामने नाकाबंदी शुरू की गई। कोई लाइसेंस नहीं मिला कुछ समय बाद गांव बाता की तरफ से आई छोटा हाथी गाड़ी को रुकवाकर गाड़ी में ड्राइवर सीट पर बैठे गांव बाता निवासी अंकित व कंडक्टर गांव बाता निवासी सोमपाल को काबू कर लिया गया। जांच दौरान गाड़ी से 84 पेटियां अवैध पटाखे बरामद हुए। पटाखों के लाइसेंस व परमिट के बारे में पूछताछ करने पर आरोपी कोई लाइसेंस या परमिट पेश नहीं कर सके। पुलिस सूचना उपरांत मौके पर पहुंचे फायर ब्रिगेड के अधिकारियों ने पटाखों की जांच की। जांच के दौरान पेटियों में विस्फोटक पदार्थ होने की पुष्टि हुई। चेकिंग के दौरान गाड़ी से 84 पेटियां पटाखे बरामद हुए। कच्चा सामान तथा पेकिंग का सामान भी मिला आरोपियों से पूछताछ के दौरान खुलासा हुआ कि उन्होंने गांव बाता में अवैध रूप से पटाखे बनाने की फैक्ट्री लगा रखी है। जहां वह पटाखे तैयार करते हैं। पुलिस टीम ने गांव बाता में उक्त स्थान पर दबिश दी, जहां एक गाड़ी से 50 पेटियां अवैध पटाखे बरामद किए। इसके अतिरिक्त पटाखा फैक्टरी से पटाखे बनाने में इस्तेमाल होने वाला कच्चा सामान तथा पेकिंग का सामान भी भारी मात्रा में बरामद किया गया। पुलिस आरोपियों के खिलाफ आगामी कार्रवाई कर रही है।

