लखीमपुर खीरी के सदर कोतवाली क्षेत्र में रविवार सुबह एक हादसा हो गया। रामापुर-जुलाहनपुरवा के बीच उल्ल नदी पर बने रपटा पुल को पार करते समय एक मजदूर तेज बहाव की चपेट में आकर साइकिल समेत नदी में बह गया। पुलिस और बाढ़ राहत टीम उसकी तलाश कर रही है, लेकिन अभी तक उसका कोई पता नहीं चला है। लखपेड़ागंज निवासी जाबिर अली (32) पुत्र मोहम्मद नबी रविवार सुबह करीब आठ बजे मजदूरी के लिए लखीमपुर जा रहा था। जब वह साइकिल से रपटा पुल पार कर रहा था, तभी उल्ल नदी में तेज बहाव के कारण उसका संतुलन बिगड़ गया और वह पानी में बह गया।
हादसे की खबर मिलते ही रामापुर चौकी प्रभारी अबलीश पंवार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद सीतापुर की द्वितीय बटालियन पीएसी की फ्लड टीम को भी बुलाया गया। पुलिस और बाढ़ राहत टीम ने नदी में जाबिर की तलाश शुरू की। तेज बहाव के कारण राहत टीम को तलाश में परेशानी हो रही है। पुलिस के मुताबिक, नदी के बहाव और पानी की स्थिति को देखते हुए तलाश अभियान जारी है।

