अलवर में सिलीसेढ़ झील के समीप बख्तपुरा बावड़ी स्टैंड पर नवनिर्मित दुकान में करीब 6 फीट लंबा मगरमच्छ घुस गया। दुकान के अंदर गांव के कई लोग सो रहे थे। वहां सो रहे चरण सिंह की नजर अचानक चारपाई के नीचे पड़ी तो वहां काफी लंबा मगरमच्छ पड़ा हुआ था। जिसे देखते ही दुकान में भगदड़ मच गई और सभी तेजी से बाहर भागने लगे। दुकान में गांव के ही चरण सिंह, जगत सिंह, उमेश, राजा और ऋषि चारपाई पर सो रहे थे। लोहे के सरिए से निकाला बाहर, खेत में छोड़ा युवक चरण सिंह ने बताया कि मगरमच्छ दुकान के अंदर घुसने के बाद वहीं पर बैठा रहा। स्थानीय लोगों ने लोहे के सरिए की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद मगरमच्छ को दुकान से बाहर निकाला। इसके बाद सुरक्षित तरीके से उसे पकड़कर पास के खेत में छोड़ दिया गया। 100 मीटर दूर है नदी, वन विभाग से गश्त बढ़ाने की मांग स्थानीय निवासियों ने बताया कि दुकान से करीब 100 मीटर की दूरी पर नदी है, जहां सिलीसेढ़ झील का पानी आता है। माना जा रहा है कि मगरमच्छ पानी के क्षेत्र से निकलकर रिहायशी इलाके की दुकानों तक पहुंच गया। आबादी क्षेत्र में मगरमच्छ आने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। लोगों ने वन विभाग से इलाके में निगरानी बढ़ाने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।

