मुजफ्फरनगर (उप्र), पांच अक्टूबर हरियाणवी गायक एवं यूट्यूबर अंकित बालियान की हत्या के मामले में तीन फरार आरोपियों की संपत्ति अदालत के आदेश पर कुर्क कर ली गई है। पुलिस के एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक एन.पी. सिंह ने संवाददाताओं को बताया कि अंकित बालियान की हत्या के मामले में तीन फरार आरोपियों राहुल उर्फ भोलू शाहपुरी, आर्यन संधू और सत्यम कादियान की संपत्ति रविवार को कुर्क कर ली गई।
उन्होंने बताया कि इन तीनों आरोपियों पर एक-एक लाख रुपये का इनाम है और पुलिस उनकी तलाश कर रही है। बालियान की 26 अगस्त, 2026 को शामली में जिम से अपनी कार की ओर आते समय अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। गत 31 अगस्त को शामली जिले में पुलिस के साथ मुठभेड़ में दो शूटर, मोहित और सुमित मारे गए थे।
एक और आरोपी रोहित को गत 30 सितंबर को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस बाकी आरोपियों की तलाश कर रही है।

