सोनभद्र में अनपरा थाना क्षेत्र के डिबुलगंज गांव में पत्नी के चरित्र पर संदेह को लेकर हुए विवाद में पति ने चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल 24 वर्षीय मैना कुमारी की रविवार शाम जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी पति फरार हो गया। मृतका के पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, डिबुलगंज निवासी राजरूप धरिकार का दो अक्टूबर की शाम पत्नी मैना कुमारी से विवाद हुआ था। आरोप है कि राजरूप पत्नी के अवैध संबंध होने का शक जताते हुए उससे विवाद कर रहा था। कहासुनी बढ़ने पर उसने चाकू से मैना के पेट पर वार कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गई। आरोप है कि घटना के बाद घायल महिला को तत्काल अस्पताल ले जाने के बजाय घर पर ही रखा गया और पुलिस को भी सूचना नहीं दी गई। पेट में गंभीर चोट के कारण उसकी हालत लगातार बिगड़ती रही। शनिवार को तबीयत अधिक खराब होने पर स्वजन उसे संयुक्त चिकित्सालय डिबुलगंज लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान रविवार शाम मैना कुमारी ने दम तोड़ दिया। मृतका के दो बच्चे हैं। पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज बेटी की मौत की सूचना मिलने के बाद उसके पिता अच्छे लाल अनपरा थाने पहुंचे और आरोपी दामाद राजरूप के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी की तलाश में पुलिस टीम जुटी हुई है।

