शामली में 57वें रामलीला महोत्सव की शुरुआत:नारद मोह लीला का मंचन हुआ, चेयरमैन अरविंद संगल ने किया उद्घाटन

शामली में 57वें रामलीला महोत्सव की शुरुआत:नारद मोह लीला का मंचन हुआ, चेयरमैन अरविंद संगल ने किया उद्घाटन

शामली। श्री मंदिर हनुमान टीला हनुमान धाम पर आयोजित 57वें रामलीला महोत्सव का रविवार रात 8 बजे भव्य शुभारंभ हुआ। नगर पालिका चेयरमैन अरविंद संगल, मानव संगल और हनुमान मंदिर के संरक्षक एवं अध्यक्ष पंडित सलिल द्विवेदी ने दीप प्रज्वलित कर रामलीला महोत्सव का उद्घाटन किया। पहले दिन कलाकारों ने नारद मोह लीला का मंचन किया। कलाकारों के प्रभावशाली अभिनय ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। नारद मोह लीला में महर्षि नारद की भूमिका नीरज तूफानी और कामदेव की भूमिका तरुण खोटियान ने निभाई। कलाकारों ने अभिनय और संवादों के माध्यम से लीला का जीवंत प्रस्तुतिकरण किया। रामलीला देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु और शहरवासी पहुंचे। एक साल के बाल स्वरूप से 90 वर्ष तक के बुजुर्ग करते हैं अभिनय हनुमान धाम समिति के प्रधान सलिल द्विवेदी ने बताया कि रामलीला के मंचन में एक वर्ष के बाल स्वरूप से लेकर करीब 90 वर्ष तक के बुजुर्ग तक अभिनय करते हैं। स्थानीय कलाकारों के साथ बाहर से आने वाले कलाकार भी पिछले करीब एक माह से नियमित अभ्यास कर रहे हैं। मंच निर्देशक कलाकारों के अभिनय को बेहतर बनाने और उनकी प्रतिभा निखारने पर विशेष ध्यान दे रहे हैं। आयोजन को भव्य बनाने के लिए मंच सज्जा, पात्रों के स्वरूप, संवाद और प्रस्तुतियों पर विशेष काम किया गया है। रामलीला मंचन के माध्यम से भगवान श्रीराम के आदर्शों और उनके चरित्र को समाज के सामने प्रस्तुत किया जाता है। आयोजकों ने बताया कि रामलीला केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज को मर्यादा, सत्य और सदाचार का संदेश देने का माध्यम भी है। इससे लोगों को भगवान श्रीराम के आदर्शों को अपने जीवन में उतारने की प्रेरणा मिलती है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए की गई व्यवस्थाएं महोत्सव में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आयोजन समिति की ओर से आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। रामलीला को लेकर शहरवासियों में उत्साह बना हुआ है। इस मौके पर सचिव राजकुमार मित्तल, उपेंद्र द्विवेदी, रमेश धीमान, शरद द्विवेदी, उत्तम नामदेव, मनोज मित्तल, अनुराग शर्मा, आदेश शर्मा, लोकेश वाचस्पति, लाल सिंह लचक, निशांत पाठक, उज्जवल नामदेव, वंश नामदेव आदि का सहयोग रहा। 5 अक्टूबर को रावण जन्म और वेदवती संवाद रामलीला महोत्सव में सोमवार 5 अक्टूबर को दशमी के अवसर पर रावण जन्म और वेदवती संवाद लीला का मंचन किया जाएगा। आयोजन समिति के अनुसार आगे भी विभिन्न प्रसंगों का भव्य मंचन जारी रहेगा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *