आणंद/अहमदाबाद. गुजरात में खेड़ा जिले के नडियाद रेलवे स्टेशन पर शनिवार शाम साढ़े पांच बजे हुई पौने चार करोड़ रुपए के सोने के आभूषणों की लूट की वारदात को अहमदाबाद ग्रामीण पुलिस और रेलवे पुलिस ने चंद घंटों में सुलझा लिया। पुलिस ने लूट में लिप्त 4 आरोपियों को पकड़ लिया। उनके पास से लूटे गए 2.90 किलो सोने के आभूषणों को बरामद कर लिया गया, साथ ही दो कारें जब्त कीं।
राज्य के उप मुख्यमंत्री सह गृह मंत्री हर्ष संघवी ने इस सफल ऑपरेशन के लिए टीमों की सराहना की। पकड़े गए आरोपियों में बनासकांठा जिले की कांकरेज तहसील के खोडा गांव के मुख्य आरोपी सावन चौधरी (20), किरण चौधरी (23), वाव-थराद जिले की सुईगाम तहसील के ममाणा गांव के आकाश प्रजापति (18) और लींबाळा गांव के दशरथ प्रजापति शामिल हैं।
पूर्व कर्मचारी ने ही रची थी साजिश
अहमदाबाद जिला पुलिस अधीक्षक ओमप्रकाश जाट ने रविवार को संवाददाताओं को बताया कि लूट की यह घटना शनिवार शाम 5.30 बजे नडियाद रेलवे स्टेशन पर हुई। मूल रूप से वाव-थराद जिले की दियोदर तहसील के मोजरू गांव का रहने वाल और वर्तमान में पश्चिम बंगाल में कोलकाता के बारानगर में बिधान पार्क निवासी भरत चौधरी (21) कोलकाता से उनकी कंपनी से 2710 ग्राम यानी 3.70 करोड़ रुपए के सोने की चेन लेकर कोलकाता से अहमदाबाद आने को निकले थे। वे हावड़ा-अहमदाबाद एक्सप्रेस में एक अक्टूबर को बैठे और तीन अक्टूबर की शाम करीब पांच बजे के नडियाद रेलवे स्टेशन उतरे थे। वे स्टेशन से बाहर निकलने को फुटओवर ब्रिज पर चढ़े ही थे, तभी उनकी कंपनी के ही पूर्व कर्मचारी सावन चौधरी और उसके साथ के तीन अन्य लोगों ने भरत को पकड़ लिया और उसके पास से सोने के आभूषणों से भरा बैग लेकर फरार हो गए।
सीसीटीवी फुटेज, रूट मैपिंग, बेहतर तालमेल से पकड़ा
लूट की सूचना पर राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) खेड़ा ने सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों की गाड़ी के बारे में कंट्रोल रूम को अलर्ट किया। आरोपियों के अहमदाबाद की ओर भागने पर अहमदाबाद ग्रामीण पुलिस को देर शाम 7.30 बजे जानकारी मिली। इस पर एलसीबी और विरमगाम टाउन थाने की टीमें सक्रिय हो गईं। आरोपी की कार के विरमगाम में प्रवेश करने से पहले ही सड़क ब्लॉक कर एक आरोपी को पकड़ लिया। उसकी पूछताछ में पता चला कि लूट के सोने के साथ तीन अन्य आरोपी अन्य कार में आगे निकल चुके हैं। आरोपी की मदद से उनकी लोकेशन ट्रेस कर उन्हें बुलाया।
पीआइ को 500 मीटर तक घसीटा
विरमगाम टाउन पीआइ व एलसीबी टीमों ने आरोपियों की कार को घेर लिया। आरोपियों ने पीआइ एसए गढ़वी की गाड़ी को टक्कर मार दी। और रिवर्स गियर में कार भगाने लगे। इसी दौरान पीआइ गढ़वी ने जान जोखिम में डालकर चलती कार का दरवाजा पकड़ लिया। आरोपी करीब 500 मीटर तक पीआइ को घसीटते रहे। इस स्थिति में भी पीआइ गढ़वी ने चलती गाड़ी का दरवाजा खोला, स्टीयरिंग काबू में लेकर हैंडब्रेक खींच दी और कार रोक ली। कार में सवार तीन आरोपियों को पकड़ लिया। इस दौरान एक आरोपी के भागने पर उसे भी पकड़ लिया। कार के सीट कवर के अंदर से लूट का सोना बरामद कर लिया।

