पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान 5 अक्टूबर को सरदूलगढ़ विधानसभा क्षेत्र के गांव फत्ता मालोका में आयोजित होने वाले विशेष ‘लोक मिलनी’ कार्यक्रम के तहत आम जनता से रूबरू होंगे। कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को सुचारू और पुख्ता बनाने के लिए प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। आयोजन स्थल पर तैयारियों का निरीक्षण करने पहुंचे हलका विधायक गुरप्रीत सिंह बनांवाली, डीआईजी हरजीत सिंह, डिप्टी कमिश्नर नवजोत कौर और एसएसपी वैभव चौधरी ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने हिदायत दी कि लोक मिलनी में पहुंचने वाले आम नागरिकों, विशेषकर बुजुर्गों और महिलाओं को किसी भी तरह की असुविधा न हो। उनके लिए बैठने, पीने के पानी और अन्य मूलभूत सुविधाओं के समुचित प्रबंध करने के आदेश दिए गए। ‘हलके के विकास में मील का पत्थर साबित होगी लोक मिलनी’ इस दौरान हलका विधायक गुरप्रीत सिंह बनांवाली ने कहा कि मुख्यमंत्री का यह दौरा और ‘लोक मिलनी’ कार्यक्रम सरदूलगढ़ क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए बेहद अहम साबित होगा, जहां लोग अपनी समस्याएं सीधे मुख्यमंत्री के समक्ष रख सकेंगे। इस अवसर पर अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर पूनम सिंह, उप मंडल मजिस्ट्रेट (SDM) हरजिंदर सिंह जस्सल सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और प्रशासनिक पदाधिकारी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

