पानीपत रेलवे स्टेशन पर पूर्वांचल की ओर जाने वाली ट्रेनों के ठहराव की मांग को लेकर तीन दिन से धरना दे रहे पूर्वांचल समिति के लोगों और टीटीई के बीच रविवार शाम को विवाद हो गया। टिकट जांच के दौरान युवक मुलायम ने टीटीई सोहन पर थप्पड़ मारने का आरोप लगाया। युवक की सूचना पर धरने पर बैठे समिति के कई सदस्य स्टेशन परिसर में पहुंच गए, जिससे कुछ देर हंगामे की स्थिति बनी रही। मुलायम के मुताबिक, वह जंक्शन पर पानी लेने आया था। इसी दौरान टीटीई ने उससे टिकट मांगा। टिकट को लेकर कहासुनी हुई। मुलायक का आरोप है कि टीटीई ने उससे टिकट मांगी। उसने मोर्चे में आने की बात कही तो टीटीई ने उसे थप्पड़ मार दिया। इसके बाद उसने धरनास्थल पर पहुंचकर समिति के लोगों को घटना की जानकारी दी। टीटीई बोले: ट्रेन से उतरा था, टिकट नहीं थी उधर, टीटीई सोहन ने आरोप को नकारते हुए बताया कि मुलायम गीता जयंती एक्सप्रेस से उतरकर आया था। जांच में उसके पास यात्रा टिकट नहीं मिला। बिना टिकट मिलने पर उसकी रसीद बनाकर जुर्माना जमा करने को कहा गया था। टीटीई के अनुसार युवक जुर्माना जमा करने के बजाय बाहर चला गया और कुछ लोगों को साथ लेकर वापस आया। उसने जुर्माने की राशि भी जमा नहीं की। काफी देर चली बहस इसके बाद समिति के सदस्य स्टेशन पहुंच गए और दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक बहसबाजी होती रही। समिति के लोगों का कहना है कि वे इस मामले की शिकायत रेलवे के उच्च अधिकारियों को देंगे। बता दें कि समिति के लोग जंक्शन पर पूर्वांचल की ओर जाने वाली ट्रेनों के ठहराव की मांग को लेकर धरने पर बैठे हैं।

