अनूपपुर में डोला-बिजुरी मार्ग की खराब हालत को लेकर रविवार दोपहर कांग्रेस ने चक्काजाम किया। राजनगर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राहुल सिंह परिहार की अगुवाई में जिला कांग्रेस अध्यक्ष गुड्डू चौहान समेत कई नेता और स्थानीय लोग शामिल हुए। चक्काजाम से सड़क पर आवाजाही ठप हुई, जिसके बाद एसईसीएल प्रबंधन को मौके पर आना पड़ा। एसईसीएल के जीएम अधिकारियों के साथ आए। प्रदर्शनकारियों ने एसडीएम के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। जीएम ने राहुल सिंह परिहार की मांगों पर बात की। लोगों के दबाव और बातचीत के बाद एसईसीएल ने 15 दिन में सड़क निर्माण शुरू करने का लिखित भरोसा दिया। सहमति बनने पर कांग्रेस ने चक्काजाम खत्म किया। मुख्य मांगों में डोला तिराहा से बिजुरी तक अच्छी क्वालिटी की सड़क बनाना और टूटी नालियों को फिर से बनाना शामिल था। सड़क पर गड्ढे और पानी भरने से लोगों को काफी परेशानी हो रही थी।

