Pune Missing Student: फुरसुंगी इलाके में 22 वर्षीय छात्रा के लापता होने से परिवार परेशान है। कॉलेज जाने के बाद घर नहीं लौटी छात्रा ने अपनी मां, भाई और छोटी बहन को ई-मेल भेजकर एक युवक के साथ जाने की जानकारी दी और लिखा कि उसे युवक के एड्स से पीड़ित होने की जानकारी है, फिर भी वह उसी से शादी करेगी। एक गांव में रहने वाली छात्रा निजी कॉलेज में बीएससी कंप्यूटर साइंस के अंतिम वर्ष में पढ़ रही है। गुरुवार सुबह वह रोज की तरह कॉलेज के लिए घर से निकली थी। शाम तक घर नहीं लौटने पर परिवार ने उसकी तलाश शुरू की।
युवक के साथ जाने की बात कही
कॉलेज में पूछताछ के साथ ही उसके दोस्तों और रिश्तेदारों से भी संपर्क किया गया, लेकिन छात्रा का कोई पता नहीं चला। इसी बीच परिवार के सदस्यों को छात्रा का ई-मेल मिला। इसमें उसने एक युवक के साथ जाने की बात कही। छात्रा ने ई-मेल में लिखा कि उसे उस युवक की बीमारी के बारे में पता है और इसके बावजूद वह उससे शादी करना चाहती है। ई-मेल सामने आने के बाद परिवार की चिंता और बढ़ गई। परिजनों ने आसपास के इलाकों के साथ छात्रा के परिचितों के यहां भी उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली।
थाने में शिकायत दर्ज कराई
इसके बाद उसके पिता ने फुरसुंगी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। परिवार ने पुलिस से छात्रा का पता लगाने और उसकी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। पुलिस छात्रा के ई-मेल और उसके संपर्क में रहे लोगों की जानकारी के आधार पर जांच कर रही है। यह भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वह किस युवक के साथ गई है और फिलहाल दोनों कहां हैं। छात्रा के मोबाइल फोन और अन्य उपलब्ध जानकारी के आधार पर भी उसकी तलाश की जा रही है। परिवार का कहना है कि छात्रा के अचानक इस तरह घर से चले जाने की जानकारी मिलने के बाद सभी लोग परेशान हैं। पुलिस मामले में छात्रा के सुरक्षित होने की पुष्टि करने और उसके ठिकाने का पता लगाने में जुटी है।

