होर्मुज खोलने के लिए ईरान ने रखीं 7 शर्तें, कहा- अमेरिका माने इस्लामाबाद मेमोरेंडम, तभी खुलेगा रूट

होर्मुज खोलने के लिए ईरान ने रखीं 7 शर्तें, कहा- अमेरिका माने इस्लामाबाद मेमोरेंडम, तभी खुलेगा रूट

Strait of Hormuz: ईरान और अमेरिका के बीच जारी संघर्ष बीच ईरान ने दुनिया के सबसे अहम समुद्री रास्तों में से एक होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर अपना रुख और भी सख्त कर दिया है। ईरान के मुख्य वार्ताकार और संसद अध्यक्ष मोहम्मद बाघेरी गालिबाफ ने साफ कर दिया है कि जब तक अमेरिका इस्लामाबाद मेमोरेंडम पर आधारित सात बुनियादी शर्तों को नहीं मानता, तब तक होर्मुज का रास्ता जहाजों की आवाजाही के लिए नहीं खोला जाएगा।

समय बर्बाद करने और एकतरफा शर्तें थोपने का दौर खत्म – गालिबाफ

अल जजीरा के अनुसार, ईरानी संसद अध्यक्ष घालीबाफ ने कहा कि तेहरान द्वारा होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने के लिए सात दिवसीय रोडमैप पेश करने के बाद वाशिंगटन ने एक मध्यस्थ के माध्यम से कुछ प्रस्ताव भेजे थे। इन प्रस्तावों पर प्रतिक्रिया देते हुए गालिबाफ ने कहा कि अमेरिका को यह समझना चाहिए कि समय बर्बाद करने और एकतरफा मांगें थोपने का दौर अब बीत चुका है। ईरान का रुख स्पष्ट और दृढ़ है। जब तक इस्लामाबाद मेमोरेंडम पर आधारित उसकी सभी सात शर्तें पूरी नहीं हो जातीं, तब तक होर्मुज जलडमरूमध्य नहीं खुलेगा।

युद्ध और बातचीत, दोनों के लिए तैयार

अमेरिका की गतिविधियों और दबाव बनाने की रणनीति पर गालिबाफ ने कहा कि ईरान न तो दिखावे से प्रभावित होता है और न ही किसी कार्रवाई से डरता है। उन्होंने कहा कि ईरान सैन्य मोर्चे पर अपनी पूरी ताकत के साथ तैयार है और विरोधियों का नए सरप्राइज के साथ सामना करेगा। साथ ही, देश सैन्य श्रेष्ठता स्थापित करने और ईरानी लोगों के बुनियादी अधिकारों को सुरक्षित करने के लिए कूटनीतिक चैनलों का उपयोग करना भी जारी रखेगा। गालिबाफ ने कहा, “हम लड़ेंगे भी और बातचीत भी करेंगे।”

ईरान की शर्तें

गौरतलब है कि पिछले महीने ईरान ने संघर्ष को समाप्त करने के लिए मध्यस्थों के माध्यम से अमेरिका के सामने औपचारिक शर्तों का एक मसौदा पेश किया था। ईरान का कहना है कि होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने की दिशा में कदम तभी उठाए जाएंगे जब इन शर्तों पर सहमति बन जाएगी। शर्तों में मुख्य रूप से शामिल हैं…

  • सभी मोर्चों पर युद्ध की तुरंत और पूर्ण समाप्ति।
  • विदेशों में फ्रीज किए गए ईरानी फंड को बिना किसी शर्त के जारी करना।
  • ईरानी बंदरगाहों पर लगाए गए नौसैनिक नाकेबंदी को पूरी तरह से हटाना।
  • ईरान के आंतरिक मामलों में अमेरिका के किसी भी तरह के हस्तक्षेप को स्थायी रूप से रोकना।
  • ईरान के क्षेत्रीय विरोधियों और दुश्मनों के साथ अमेरिकी सैन्य सहयोग का अंत।
  • ईरान की संप्रभुता और क्षेत्र पर सभी अमेरिकी हमलों को पूरी तरह रोकना।
  • इस्लामाबाद मेमोरेंडम के आधार पर तय किए गए अन्य वादों को लागू करना।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *