महोबा के कुलपहाड़ कस्बे में नगर पंचायत द्वारा आयोजित 9 दिवसीय मेला जलबिहार महोत्सव का रविवार रात समापन हो गया। आखिरी दिन बॉलीवुड स्वीट नाइट आर्केस्ट्रा के दौरान उस वक्त भारी हंगामा हो गया। जब फिल्मी गाना “करती हूं मैं प्यार सिर्फ संडे को” पर डांस कर रही महिला कलाकारों को देख भीड़ बेकाबू हो गई। कुछ अराजक तत्वों ने मंच पर चढ़ने और कलाकारों के रूम में घुसने की कोशिश की। स्थिति बिगड़ते देख पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। पुलिसिया कार्रवाई का यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए महोबा जनपद में स्थित कुलपहाड़ कस्बे का प्रसिद्ध 9 दिवसीय जलबिहार मेला रविवार सोमवार मध्यरात्रि तीन बजे हंगामे की भेंट चढ़ गया। मेले के अंतिम दिन नगर पंचायत द्वारा भव्य ‘बॉलीवुड स्वीट नाइट आर्केस्ट्रा’ का आयोजन किया गया था, जिसमें दिल्ली की डांस पार्टी ने अपनी प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम के दौरान जब महिला कलाकार “करती हूं मैं प्यार सिर्फ संडे को” जैसे लोकप्रिय फिल्मी गानों पर डांस कर रही थीं, तभी वहां मौजूद दर्शकों की भीड़ अचानक बेकाबू हो गई। माहौल इतना गरमा गया कि कई युवा खुलेआम हुड़दंग मचाने लगे और अराजकता फैल गई। देखते ही देखते कुछ उग्र युवक सुरक्षा घेरा तोड़कर सीधे मंच पर चढ़ने का प्रयास करने लगे। हद तो तब हो गई जब कुछ युवकों ने महिला कलाकारों के चेंजिंग रूम की तरफ जबरन घुसने और वहां हंगामा करने की कोशिश की। युवाओं की इस करतूत से कार्यक्रम में अफरा-तफरी मच गई और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए। आयोजन स्थल पर तैनात पुलिस बल ने शुरुआत में युवाओं को समझा-बुझाकर शांत कराने और रोकने का प्रयास किया। लेकिन गाने की धुन पर झूम रहे युवक इस कदर आपा खो चुके थे कि उन्होंने पुलिस की एक न सुनी। आखिरकार, बिगड़ते हालात को काबू में करने और महिला कलाकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस को सख्त रुख अपनाना पड़ा। पुलिस अधिकारियों ने तुरंत मोर्चा संभाला और उपद्रव कर रहे भीड़ पर जमकर लाठियां भांजना शुरू कर दिया। लाठीचार्ज होते ही मेले में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई और अराजक तत्व इधर-इधर भागने लगे।

