हमीरपुर के कुरारा में थाना क्षेत्र के जमरेही तीर गांव के पास शनिवार सुबह यमुना नदी में नहाने गया 18 वर्षीय युवक गहरे पानी में डूब गया। युवक के डूबने की जानकारी मिलने के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने नदी में उसकी काफी तलाश की, लेकिन शनिवार को उसका कोई पता नहीं चल सका। रविवार को नदी में शव उतराता मिलने के बाद परिजनों ने उसकी पहचान की। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। भौली गांव निवासी छोटू पुत्र शिव सिंह शनिवार सुबह यमुना नदी में नहाने के लिए घर से निकला था। वह जमरेही तीर गांव के पास नदी में पहुंचा और नहाने के दौरान गहरे पानी में चला गया। देखते ही देखते वह पानी में डूब गया। आसपास मौजूद लोगों ने इसकी जानकारी परिजनों को दी। सूचना मिलते ही परिवार के लोग ग्रामीणों के साथ नदी किनारे पहुंचे और युवक की तलाश शुरू की। ग्रामीणों ने नदी के आसपास काफी देर तक खोजबीन की। इस दौरान नदी किनारे छोटू की साइकिल मिली, जिससे परिजनों को उसके नदी में डूबने की पुष्टि हुई। शनिवार को देर तक तलाश किए जाने के बावजूद युवक का कोई सुराग नहीं मिला। परिजन रात तक उसके मिलने की उम्मीद में तलाश करते रहे। रविवार को जमरेही तीर के पास यमुना नदी में ग्रामीणों को एक शव पानी में उतराता दिखाई दिया। इसकी जानकारी पुलिस और परिजनों को दी गई। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान छोटू के रूप में की। शव देखते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। युवक की मौत से परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी घटना के बाद शोक का माहौल बना हुआ है।

