उन्नाव में डीसीएम ने बाइक को मारी टक्कर:16 साल की छात्रा की मौत, मामा घायल; अब्बासपुर से घर जा रहे थे

उन्नाव में डीसीएम ने बाइक को मारी टक्कर:16 साल की छात्रा की मौत, मामा घायल; अब्बासपुर से घर जा रहे थे

उन्नाव। माखी थाना क्षेत्र के रऊ चौराहे के पास शनिवार रात डीसीएम की टक्कर से बाइक सवार 16 वर्षीय छात्रा की मौत हो गई। हादसे में बाइक चला रहे उसके मामा भी घायल हो गए। दोनों अब्बासपुर से दहौली स्थित घर जा रहे थे। घटना की जानकारी रविवार दोपहर करीब 12 बजे पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे परिजनों ने दी। सफीपुर थाना क्षेत्र के दहौली गांव निवासी राम सेवक की 16 वर्षीय बेटी खुशी शनिवार रात अपने मामा के साथ बाइक से घर जा रही थी। परिजनों के अनुसार, उसके मामा अब्बासपुर से उसे लेकर घर छोड़ने जा रहे थे। जैसे ही बाइक रऊ चौराहे के पास पहुंची, तभी सामने से आए तेज रफ्तार डीसीएम ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बाइक सवार दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। उपचार के दौरान खुशी की मौत हो गई, जबकि उसके मामा का उपचार कराया जा रहा है। हादसे के बाद चालक डीसीएम लेकर मौके से निकल गया। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। परिजनों के मुताबिक, खुशी तीन भाइयों में अकेली बहन थी। वह इंटर की छात्रा थी और पढ़ाई कर रही थी। बेटी की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। रविवार दोपहर करीब 12 बजे परिजन पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे, जहां उन्होंने हादसे की जानकारी दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस हादसे के कारणों और डीसीएम की पहचान के संबंध में जानकारी जुटा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा सकती है। परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *