लखनऊ, चार अक्टूबर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को कहा कि यह प्रदेश देश का पांचवां सबसे बड़ा निर्यातक राज्य है और इसके निर्यात में भदोही के कालीन उद्योग का महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने कहा कि पिछले 10 वर्षों में प्रदेश का निर्यात करीब 2.27 गुना बढ़कर दो लाख करोड़ रुपये से अधिक हो गया है। आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘पहले भदोही का हुनर अपनी राह तलाशता था।
आज सरकार उसके लिए विकास, बाजार और अवसर के नए द्वार खोल रही है।’’
उन्होंने कहा कि जिन कारीगरों के हुनर ने भदोही के कालीनों को दुनिया तक पहुंचाया, उन्हें 2017 से पहले बुनियादी सुविधाओं और अवसरों के लिए इंतजार करना पड़ता था। अब यह हुनर विकास और वैश्विक बाजार, दोनों से जुड़ रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हाथ से बनी भदोही की कालीनों की मांग आज पूरी दुनिया में सबसे अधिक है, जो वैश्विक मंच पर उत्तर प्रदेश के हुनर का लोहा मनवा रही हैं।
उन्होंने बताया कि एशिया के सबसे बड़े अंतरराष्ट्रीय हस्तनिर्मित कालीन व्यापार मेले ‘इंडिया कारपेट एक्सपो’ के स्वर्ण जयंती संस्करण की रविवार को शुरुआत की जाएगी। इस अवसर पर वह कालीन उद्योग के निर्यातकों, विक्रेताओं और उद्यमियों से संवाद करेंगे। योगी ने कहा कि कार्यक्रम के दौरान भदोही, औराई और ज्ञानपुर विधानसभा क्षेत्रों में 1,340 करोड़ रुपये से अधिक की 112 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया जाएगा तथा विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को हितलाभ भी वितरित किए जाएंगे।
योगी ने कहा, ‘‘कारीगर के हाथ को सम्मान, उद्यम को विस्तार, युवाओं को रोजगार और भदोही को समृद्धि, यही नए उत्तर प्रदेश में विरासत और विकास के संगम की नयी पहचान है।

