मथुरा के बीएसए कॉलेज में छात्रा से अभद्रता के आरोप को लेकर शनिवार को दोपहर करीब ढाई बजे जमकर हंगामा हुआ। घटना से आक्रोशित अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ताओं ने कॉलेज पहुंचकर प्रदर्शन किया और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग करते हुए नारेबाजी की। मामले में नामजद आरोपी समेत चार अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपी को एनएसयूआई से जुड़ा बताया गया है, हालांकि संगठन ने घटना से किसी भी तरह का संबंध होने से इनकार किया है। पीड़िता के अनुसार, शनिवार को एनएसयूआई से जुड़े एक छात्र ने उससे जबरन मोबाइल नंबर मांगा। विरोध करने पर आरोपी ने उसके साथ अभद्रता की और धमकी दी। छात्रा की शिकायत के बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। बीएसए कॉलेज रोड पर लंबा जाम लगा घटना की जानकारी मिलने पर एबीवीपी के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में बीएसए कॉलेज पहुंच गए। उन्होंने कॉलेज परिसर के बाहर प्रदर्शन करते हुए आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन और नारेबाजी के चलते बीएसए कॉलेज रोड पर लंबा जाम लग गया। इस दौरान विरोध प्रदर्शन के बीच एक बस चालक के साथ भी अभद्रता किए जाने का आरोप सामने आया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद जाम खुलवाकर यातायात सुचारु कराया गया। संगठन से पूरी तरह निष्कासित भी कर दिया वहीं, एनएसयूआई के जिलाध्यक्ष हर्ष चौरसिया ने एबीवीपी के आरोपों को बेबुनियाद बताया। उन्होंने कहा कि संबंधित छात्र को अनुशासनहीनता के चलते अगस्त की शुरुआत में पदमुक्त कर दिया गया था। इसके बाद बीते मंगलवार को उसे संगठन से पूरी तरह निष्कासित भी कर दिया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस घटना से एनएसयूआई का कोई लेना-देना नहीं है। संगठन कॉलेज प्रशासन और छात्राओं के साथ खड़ा है। सीओ सिटी आशना चौधरी ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

