लखनऊ में शनिवार रात में कोर्ट से लौटे पति ने फांसी लगाकर सुसाइड कर लिया। वहां से लौटने के बाद सीधे कमरे में चला गया। अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। कुछ देर बाद मां ने खिड़की से झांककर देखा तो सांड़ी के सहारे फंदे पर लटकता मिला। परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। मामला दुबग्गा थाना क्षेत्र के सिकरौरी गांव का है। ऋषभ (25) का पत्नी से विवाद चल रहा था। डेढ़ साल पहले उसने लव मैरिज शादी की थी। पिछले 6 महीने से पत्नी मायके में रह रही थी। उसने कोर्ट में तलाक का मुकदमा दायर किया था। तीन महीने पहले घर में युवक के बड़े भाई ने फांसी लगाकर सुसाइड कर लिया था। पढ़िए पूरी घटना… बिना किसी से बात किए कमरे में गए सिकरौरी गांव के निवासी ऋषभ यादव उर्फ लल्लन फास्ट फूड का ठेला लगाता था। पुलिस के मुताबिक, ऋषभ शनिवार शाम को कोर्ट से लौटकर घर आया था। घर में परिवार के लोग बैठे बातचीत कर रहे थे। वह बिना किसी से बात किए सीधे अपने कमरे में चला गया। उसने अंदर से कमरे का दरवाजा बंद कर लिया। कुछ देर बाद मां ने दरवाजा खटखटाया लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। मां ने खिड़की से झांककर देखा, तो कमरे में साड़ी के फंदे से ऋषभ लटका हुआ था। यह देखकर मां चीखने-चिल्लाने लगी। उनकी आवाज सुनकर परिवार के अन्य लोग और पड़ोसी आ गए। तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को उतारकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। 3 महीने पहले बड़े भाई ने भी लगाई थी फांसी ऋषभ फास्ट फूड का ठेला लगाता था। डेढ़ साल पहले उसने ठाकुरगंज की रहने वाली सोनम से लव मैरिज की थी। परिजनों के अनुसार, शादी के करीब एक साल बाद दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। इसी साल होली के बाद सोनम को मायके वाले अपने साथ ले गए थे। इसी बीच सोनम ने कोर्ट में तलाक का मुकदमा दायर कर दिया। मृतक की मां रामबेटी ने बताया कि ऋषभ शनिवार शाम कोर्ट से घर लौटा था। इसके बाद वह अपने कमरे में चला गया और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। इसके बाद उसने फांसी लगा ली। उन्होनें बताया कि ऋषभ के बड़े भाई सुनील ने भी 3 महीने पहले घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। शराब पीने के लिए पत्नी से रुपए मांगने को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद उसने यह कदम उठाया था। तीन महीने में दो जवान बेटों की मौत से परिवार में मातम तीन महीने के अंदर दो जवान बेटों की मौत से परिवार में कोहराम मचा है। इंस्पेक्टर श्रीकांत राय ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

