जयपुर के खातीपुरा एरिया में आर्मी जवान की बाइक चोरी हो गई। सेंसर लगी हुई बाइक पर सना का व्हीकल पास लगा हुआ था। जवान की रिपोर्ट पर वैशाली नगर थाना पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर अज्ञात चोरों की तलाश शुरू कर दी है। वैशाली नगर एसएचओ अरविंद सिंह शेखावत ने बताया कि जयपुर कैंट स्थित साउथ वेस्टर्न कमांड के जीई (मिलिट्री इंजीनियर सर्विसेज) प्रोजेक्ट में तैनात नायब सूबेदार सुरेश भाई चावड़ा (39) ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। वे मूल रूप से गुजरात के सुरेंद्रनगर जिले के थानगढ़ गांव के निवासी हैं। पुलिस के मुताबिक, अगर यह सेंसर लगी बाइक किसी असामाजिक तत्व, अपराधी या आतंकी संगठन के हाथ लग जाती है, तो वे बिना किसी चेकिंग के कैंटोनमेंट एरिया में प्रवेश कर सकते हैं, जिसके परिणाम बेहद गंभीर और भयावह हो सकते हैं। दो घंटे में गायब हुई बाइक रिपोर्ट के अनुसार, 30 सितंबर की शाम करीब 5:30 बजे सेना के जवान हल्दीघाटी गेट के सामने स्थित फॉरेस्ट नर्सरी पार्क में टहलने गए थे। उन्होंने अपनी मोटरसाइकिल नर्सरी के बाहर खड़ी की थी। शाम करीब 7:30 बजे वापस लौटे तो बाइक गायब मिली। काफी तलाश करने के बाद भी बाइक का पता नहीं चलने पर उन्होंने 1 अक्टूबर को वैशाली नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई। बाइक पर लगा था आर्मी व्हीकल पास चोरी हुई मोटरसाइकिल का रजिस्ट्रेशन नंबर KA 03 JD 4262 है। बाइक पर सेना का व्हीकल पास लगा हुआ था। पुलिस ने मामला दर्ज किया है। मामले की जांच हेड कॉन्स्टेबल बनवारी लाल को सौंपी गई है। पुलिस आसपास के क्षेत्र में बाइक की तलाश और चोरी की वारदात से जुड़े साक्ष्य जुटा रही है।

