शिवपुरी के फिजिकल थाना क्षेत्र के नरेंद्र नगर में करीब एक साल पहले हुई चोरी के मामले में पुलिस ने 23 वर्षीय विन्नी मोगिया को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से करीब 200 ग्राम चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने विवेक राठौर के घर हुई चोरी में शामिल होना स्वीकार किया है। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। किचन की खिड़की उखाड़कर घर में घुसे थे चोर फिजिकल थाना प्रभारी अवनीश सिंह राठौड़ ने बताया कि 6 सितंबर 2025 को नरेंद्र नगर निवासी विवेक राठौर ने चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। विवेक रात करीब 1 बजे गणेश उत्सव की झांकी देखकर घर लौटे थे। परिवार के लोग सो गए थे। रात करीब 3 बजे विवेक बाथरूम जाने के लिए उठे तो देखा कि घर के कमरों के दरवाजों पर बाहर से कुंडी लगी थी। पुलिस के अनुसार, चोर किचन की खिड़की उखाड़कर घर में दाखिल हुए थे। उन्होंने विवेक और उनके भाइयों के कमरों की बाहर से कुंडी लगा दी थी। इसके बाद अलमारी से करीब 12 तौला सोना, ढाई किलो चांदी और 80 हजार रुपए नकद चोरी किए गए थे। उसी रात दो अन्य घरों में भी हुई थी चोरी इसी रात नरेंद्र नगर में नीरू तोमर के घर भी चोरी हुई थी। चोरों ने कमरे की बाहर से कुंडी लगाकर दूसरी खिड़की से घर में प्रवेश किया और नकदी व सोने के आभूषण चोरी कर लिए थे। वहीं कोतवाली थाना क्षेत्र की गांधी कॉलोनी में दिव्यांश सिंह भदौरिया के घर भी उसी रात चोरी हुई थी। यहां भी कमरों की बाहर से कुंडी लगाए जाने की बात सामने आई थी। दिव्यांश को आहट का अंदेशा हुआ और उन्होंने पड़ोसियों को फोन किया, लेकिन तब तक चोर नकदी और आभूषण लेकर निकल चुके थे। मुखबिर की सूचना पर आरोपी पकड़ा विवेक राठौर की शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 219/25 दर्ज कर जांच शुरू की थी। 28 सितंबर 2026 को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने ग्राम सेवढ़ा निवासी विन्नी पुत्र नरेश मोगिया को पकड़ा। पूछताछ में उसने विवेक राठौर के घर चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने उसके कब्जे से करीब 200 ग्राम चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। मामले में पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।

