पुरी (ओडिशा), तीन अक्टूबर श्री जगन्नाथ मंदिर प्रशासन श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पुरी में एक नया अतिथि गृह बनाएगा। एक अधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई। प्रस्तावित नए अतिथि गृह का नाम पतितपावन भक्त निवास रखा जाएगा।
श्री जगन्नाथ मंदिर प्रशासन (एसजटीए) ने निर्माण कार्य को गति देने के लिए लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के प्रमुख सचिव को पत्र लिखकर डीपीआर यानी विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार करने का अनुरोध किया है। श्री जगन्नाथ मंदिर प्रशासन के मुख्य प्रशासक अरविंद पाढ़ी ने बयान में बताया कि यह नया भक्त निवास नीलाद्रि भक्त निवास के पीछे की जमीन पर बनाया जाएगा। इसके निर्माण के लिए राज्य सरकार को पत्र लिखकर पुरी को विश्व स्तरीय धरोहर शहर बनाने से जुड़ी राज्य सरकार की बुनियादी ढांचा योजना अभाडा के तहत वित्तीय मदद मांगी गई है।
उन्होंने बताया कि गजपति महाराज दिव्यसिंह देव की अध्यक्षता वाली श्री जगन्नाथ मंदिर प्रबंध समिति इस प्रस्ताव को पहले ही मंजूरी दे चुकी है। बयान के अनुसार, इस नए भक्त निवास में एक अत्याधुनिक सम्मेलन हॉल और एक औषधालय बनाने का भी प्रस्ताव है। इस पूरी परियोजना का निर्माण कार्य राज्य सरकार के स्वामित्व वाला उपक्रम ओडिशा ब्रिज एंड कंस्ट्रक्शन कॉर्पोरेशन लिमिटेड (ओबीसीसी) करेगा।
मंदिर प्रशासन के पास श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए पहले से ही चार भक्त निवास मौजूद हैं, जिनके नाम नीलाद्रि, नीलाचल, श्रीगुंडिचा और पुरुषोत्तम भक्त निवास हैं।

