महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव: कांग्रेस के एकतरफा उम्मीदवार उतारने पर MVA में रार, ग्रैंड हयात की बैठक रही बेनतीजा

महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव: कांग्रेस के एकतरफा उम्मीदवार उतारने पर MVA में रार, ग्रैंड हयात की बैठक रही बेनतीजा

Maha Vikas Aghadi Meeting: महाराष्ट्र विधान परिषद की 3 स्नातक और 2 शिक्षक सीटों के लिए इसी महीने होने वाले चुनाव से पहले महाविकास अघाड़ी (MVA) में सीटों के बंटवारे को लेकर मतभेद सामने आया हैं। कांग्रेस ने शुक्रवार को तीन उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए। कथित तौर पर कांग्रेस ने सहयोगी दलों से बिना चर्चा किए तीन सीटों पर अपने उम्मीदवार घोषित किये। इस वजह से MVA के घटक दलो- उद्धव ठाकरे की शिवसेना (UBT) और शरद पवार की एनसीपी (SP) ने नाराजगी जाहिर की है। इसी सिलसिले में आज विपक्षी गठबंधन के शीर्ष नेताओं की एक हाई-लेवल बैठक मुंबई के ग्रैंड हयात (Grand Hyatt) होटल में बुलाई गई, लेकिन लंबे मंथन के बावजूद कोई ठोस नतीजा नहीं निकल सका। अब रविवार को फिर से बैठक आयोजित कर अंतिम निर्णय लेने की बात कही जा रही है।

कांग्रेस ने नागपुर स्नातक, पुणे शिक्षक और अमरावती शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए अपने उम्मीदवार घोषित किए हैं। कांग्रेस के उम्मीदवारों की घोषणा के बाद MVA के सहयोगी दलों के बीच शनिवार को ग्रैंड हयात होटल में बैठक हुई। बैठक में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के प्रदेश अध्यक्ष शशिकांत शिंदे और शिवसेना (यूबीटी) के सांसद संजय राउत समेत प्रमुख नेता शामिल हुए। बैठक में पांचों सीटों को लेकर चर्चा हुई। लेकिन गतिरोध को सुलझाने को लेकर अंतिम सहमति नहीं बन सकी और रविवार को फिर चर्चा होने की संभावना है।

कांग्रेस ने किन तीन उम्मीदवारों को उतारा?

कांग्रेस ने नागपुर संभाग स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से मौजूदा विधान परिषद सदस्य अभिजीत वंजारी (MLC Abhijit Wanjari) को दोबारा उम्मीदवार बनाया है। पुणे संभाग शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से जयंत दिनकर आसगांवकर (Jayant Dinkar Asagaonkar) को फिर से मौका दिया गया है। वहीं अमरावती संभाग शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से हाल ही में पार्टी में शामिल हुईं अदिति पोहोरे (Aditi Pohare) को उम्मीदवार बनाया गया है।

अभिजीत वंजारी और जयंत आसगांवकर मौजूदा सदस्य हैं, जबकि अदिति पोहोरे इस चुनाव में कांग्रेस का नया चेहरा हैं। कांग्रेस की ओर से जारी सूची को पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की मंजूरी के बाद घोषित किया गया।

अमरावती सीट पर मची रार

अमरावती शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र को लेकर MVA के सहयोगी दलों के बीच सबसे ज्यादा टेंशन है। कांग्रेस ने यहां अदिति पोहोरे को उम्मीदवार घोषित किया है, जबकि शिवसेना (यूबीटी) की ओर से भी इस सीट पर दावा किए जाने की बात सामने आई है।

इसी तरह मराठवाड़ा (छत्रपति संभाजीनगर) स्नातक निर्वाचन क्षेत्र को लेकर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) और शिवसेना (यूबीटी) की ओर से दावेदारी की चर्चा है।

23 अक्टूबर को मतदान, 27 अक्टूबर को मतगणना

महाराष्ट्र विधान परिषद की तीन स्नातक और दो शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों, यानी कुल पांच सीटों पर चुनाव होने हैं। इनमें नागपुर, पुणे और औरंगाबाद संभाग के स्नातक निर्वाचन क्षेत्र तथा अमरावती और पुणे संभाग के शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं। मतदान 23 अक्टूबर 2026 को होगा, जबकि मतगणना 27 अक्टूबर को की जाएगी।

नामांकन प्रक्रिया 29 सितंबर से शुरू हो चुकी है और नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 6 अक्टूबर है। इसके बाद 7 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच और 9 अक्टूबर तक नाम वापस लिए जा सकेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *