Monsoon Withdrawal: अक्टूबर में मई जैसी तपन! मुंबई में पारा 37 डिग्री के पार, कोंकण में अगले 3 दिन भीषण गर्मी की चेतावनी

Monsoon Withdrawal: अक्टूबर में मई जैसी तपन! मुंबई में पारा 37 डिग्री के पार, कोंकण में अगले 3 दिन भीषण गर्मी की चेतावनी

Maharashtra Weather Update: मुंबई समेत राज्य के अधिकांश हिस्सों से मानसून लौट चुका है। मुंबई क्षेत्रीय मौसम विभाग ने इसकी घोषणा की है। मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, अगले 2 से 3 दिनों में पूरे महाराष्ट्र से मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल है। इस बीच, मौसम के मिजाज में तीखा बदलाव देखने को मिल रहा है। पूरे कोंकण में भीषण उमस भरी गर्मी पड़ रही है और आईएमडी ने ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है।

महाराष्ट्र में अगले पांच दिनों के दौरान मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता हैं। IMD के मुताबिक, राज्य के तटीय जिलों (कोंकण संभाग) में बारिश थम चुकी है और तेज धूप तथा उमस (Hot and Humid Conditions) का असर बढ़ गया है। मुंबई में तापमान 37 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच जाने से लोगों को चिपचिपी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है।

मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो-तीन दिन मुंबई, ठाणे और पालघर में कुछ स्थानों पर गर्म और उमस भरा मौसम रहने की संभावना है। कोंकण क्षेत्र के कई जिलों में 3 से 5 अक्टूबर तक तेज गर्मी और उमस भरी स्थिति बनी रहने की संभावना है। इस दौरान आंधी बारिश की भी संभावना है।

कोंकण और तटीय इलाकों में अगले 3 दिन भीषण गर्मी, फिर गरज के साथ बौछारें

आईएमडी के पूर्वानुमान के मुताबिक, मुंबई, ठाणे और रायगढ़ में 3 से 5 अक्टूबर तक छिटपुट स्थानों पर उमस भरी भीषण गर्मी का प्रकोप रहेगा। इसके बाद 6 और 7 अक्टूबर से ठाणे और मुंबई में मौसम शुष्क रहेगा, जबकि रायगढ़ के कुछ इलाकों में हल्की बारिश या गरज-चमक देखने को मिल सकती है।

पालघर और रत्नागिरी में 3 और 4 अक्टूबर को गर्म और उमस भरा माहौल रहेगा, जिसके बाद 5 से 7 अक्टूबर तक मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है। सिंधुदुर्ग में 3 और 4 अक्टूबर को भीषण गर्मी और उमस का येलो अलर्ट जारी किया गया है। हालांकि, 6 और 7 अक्टूबर को यहां गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं।

पुणे और कोल्हापुर में 6-7 अक्टूबर को बारिश के आसार

पुणे जिले में 3 से 5 अक्टूबर तक मौसम शुष्क रहने का अनुमान है, जबकि 6 और 7 अक्टूबर को हल्की बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। पुणे घाट क्षेत्र में इन दोनों दिनों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारों का अनुमान है।

कोल्हापुर और आसपास के घाट क्षेत्रों में भी 6 और 7 अक्टूबर को बारिश की संभावना है। कोल्हापुर जिले में दोनों दिन हल्की बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं, जबकि घाट क्षेत्रों में 7 अक्टूबर को हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। सातारा जिले और घाट क्षेत्र में 7 अक्टूबर को हल्की बारिश या गरज के साथ बौछारों की संभावना जताई गई है।

विदर्भ और मराठवाड़ा में कोई चेतावनी नहीं

IMD के पूर्वानुमान के अनुसार धुले, नंदुरबार, जलगांव, नासिक, अहिल्यानगर समेत कई जिलों में अगले पांच दिनों के दौरान मौसम शुष्क रहने की संभावना है।

मराठवाड़ा के छत्रपति संभाजीनगर, जालना, परभणी, बीड, हिंगोली, नांदेड, लातूर और धाराशिव में भी पांचों दिनों के लिए शुष्क मौसम का अनुमान है। वहीं विदर्भ के अकोला, अमरावती, भंडारा, बुलढाणा, चंद्रपुर, गडचिरोली, गोंदिया, नागपुर, वर्धा, वाशिम और यवतमाल जिलों में कोई चेतावनी नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *