सागर के रिहायशी इलाके में घुसा कबर बिज्जू:सैकड़ों लोगों की भीड़ जुटी, वन विभाग ने किया सुरक्षित रेस्क्यू

सागर के रिहायशी इलाके में घुसा कबर बिज्जू:सैकड़ों लोगों की भीड़ जुटी, वन विभाग ने किया सुरक्षित रेस्क्यू

सागर के शुक्रवारी इलाके में शुक्रवार देर रात कबर बिज्जू दिखाई देने से हड़कंप मच गया। रहवासियों ने इसे मोहल्ले में घूमते देखा तो बड़ी संख्या में लोग घरों से बाहर निकल आए। कुछ ही देर में मौके पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू शुरू किया। भीड़ और शोर-शराबे के कारण कबर बिज्जू बार-बार अपनी जगह बदल रहा था। इससे वन विभाग की टीम को उसे पकड़ने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। करीब डेढ़ बजे टीम ने कबर बिज्जू का सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया। इसके बाद वन्यजीव को अपने साथ ले जाया गया। उसे बाद में जंगल में छोड़ा जाएगा। वन विभाग के रेंजर लखन सिंह ने बताया कि कबर बिज्जू का सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू कर लिया गया है। वन्यजीव को देखकर स्थानीय लोग डर गए थे और कई लोग घरों से निकलकर सड़क पर आ गए थे। रेस्क्यू के बाद इलाके में स्थिति सामान्य हो गई। कबर बिज्जू जहरीला नहीं, खतरा महसूस होने पर काट सकता है वन्यजीव विशेषज्ञ ओशो जैन के मुताबिक, कबर बिज्जू सामान्य तौर पर इंसानी आबादी से दूर रहता है और रात के समय ज्यादा सक्रिय होता है। जंगल या आसपास के इलाके से भटककर इसके रिहायशी क्षेत्र में पहुंचने की संभावना रहती है। यह दिखने में बिल्ली, नेवले और छोटे आकार के भालू जैसा नजर आता है। यह मांसाहारी और सर्वाहारी जीव है। आमतौर पर इसका वजन करीब डेढ़ से चार किलो तक होता है और इसकी उम्र करीब 20 साल तक हो सकती है। यह चूहे जैसे छोटे जीवों का भी शिकार करता है। कबर बिज्जू सामान्य तौर पर इंसानों पर हमला नहीं करता, लेकिन खतरा महसूस होने पर काट सकता है। इसके काटने से जहर नहीं होता, फिर भी काटने की स्थिति में अस्पताल जाकर रेबीज का इंजेक्शन और जरूरी उपचार कराना चाहिए। फोटो में देखें घटना:-

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *