मंडी जिला पुलिस ने मादक पदार्थों की अंतरराज्यीय तस्करी और चोरी के मामलों में बड़ी सफलता हासिल करते हुए अपराधियों पर शिकंजा कसा है। पुलिस ने फोरलेन पर पकड़ी गई चरस और अफीम की बड़ी खेप की कड़ियां (फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज) जोड़ते हुए अब तक मुख्य सप्लायर समेत 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, सरकाघाट के डोडर क्षेत्र में हुई चोरी के मामले को सुलझाते हुए एक महिला आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी का शत-प्रतिशत सामान बरामद किया है। सदर थाना मंडी में दर्ज मामले की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि 17 जुलाई 2026 को शिला-किप्पड़ फोरलेन पुल के पास नाकेबंदी के दौरान राम परिवहन की बस (HP-53D-9077) को चेकिंग के लिए रोका गया था। तलाशी के दौरान सोनीपत (हरियाणा) निवासी तीन युवकों के कब्जे से 568 ग्राम अफीम और 5.535 किलोग्राम चरस/कैनाबिस बरामद हुई थी। पुलिस ने तीनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया था। कुल्लू से पकड़ा मुख्य सप्लायर, हरियाणा से भी पकड़ा दूसरा तस्कर मामले की गहराई से जांच करते हुए पुलिस ने जब बैकवर्ड लिंकेज खंगाले, तो आनी (जिला कुल्लू) से राहुल ठाकुर और जीत राम उर्फ जीतू को गिरफ्तार किया गया। जांच में सामने आया कि जीत राम उर्फ जीतू इस पूरे नशे के नेटवर्क का मुख्य सप्लायर है। इसके बाद फॉरवर्ड लिंकेज की जांच के आधार पर पुलिस टीम ने 1 अक्तूबर 2026 को सोनीपत (हरियाणा) निवासी 75 वर्षीय रणबीर सिंह को NDPS एक्ट की धारा 29 के तहत गिरफ्तार किया। अदालत से आरोपी रणबीर सिंह का पुलिस रिमांड हासिल कर लिया गया है। इस मामले में अब तक कुल 6 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है और नशे की सप्लाई में इस्तेमाल की गई सेलेरियो कार (HP-35-8389) को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है। डोडर चोरी कांड: सोलन की महिला आरोपी गिरफ्तार, घरेलू सामान बरामद दूसरी बड़ी कार्रवाई में सरकाघाट थाना पुलिस ने डोडर क्षेत्र में हुई चोरी के मामले (अभियोग संख्या 30/2026) को सुलझाते हुए जिला सोलन की रहने वाली नेहा को 2 अक्तूबर 2026 को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला के कब्जे से घरों से चोरी हुए LED टीवी, गैस सिलेंडर, गैस हॉब, वाटर प्यूरिफायर, बर्तन, कपड़े और कंबल सहित सारा घरेलू सामान बरामद कर लिया गया है। आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस हिरासत रिमांड पर लिया गया है।

