‘देवेंद्र फडणवीस ही पीएम मोदी के उत्तराधिकारी’, संजय राउत का बड़ा दावा- संघ में चल रही चर्चा

‘देवेंद्र फडणवीस ही पीएम मोदी के उत्तराधिकारी’, संजय राउत का बड़ा दावा- संघ में चल रही चर्चा

PM Narendra Modi Successor: शिवसेना (यूबीटी) के वरिष्ठ नेता संजय राउत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तराधिकारी और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को लेकर बड़ा दावा किया है। राउत ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) में फडणवीस को उपप्रधानमंत्री बनाने और उन्हें नरेंद्र मोदी का उत्तराधिकारी बनाने को लेकर चर्चा चल रही है। उन्होंने यह भी दावा किया कि अगले तीन महीनों में देश की राजनीति में बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं।

हालांकि,फडणवीस को उपप्रधानमंत्री बनाने या उन्हें पीएम मोदी का उत्तराधिकारी तय करने को लेकर आरएसएस या भाजपा (BJP) की ओर से कोई घोषणा नहीं की गई है। इससे पहले मुख्यमंत्री फडणवीस ने राष्ट्रीय राजनीति में जाने की अटकलों को खारिज करते हुए कहा था कि वह 2029 तक महाराष्ट्र में रहेंगे और राज्य की जनता की सेवा करेंगे।

‘3 महीने में देश की राजनीति में बड़े फेरबदल’

मुंबई में मीडिया से बातचीत में राज्य सभा सांसद संजय राउत ने दावा किया कि आने वाले 3 महीनों में देश के राजनीतिक परिदृश्य में बड़े बदलाव देखने को मिलेंगे।

उन्होंने कहा, “जैसे भूकंप से पहले हल्की गड़गड़ाहट और झटके महसूस होते हैं, पंखे और खाट हिलते हैं, वैसा ही माहौल इस समय देश और बीजेपी के भीतर बना हुआ है। नवंबर, दिसंबर और जनवरी के बीच देश की राजनीति में एक बड़ा भूकंपात्मक बदलाव देखने को मिलेगा। राष्ट्रीय स्तर पर संघ में यह गंभीर चर्चा जारी है कि देवेंद्र फडणवीस को ही प्रधानमंत्री मोदी का उत्तराधिकारी घोषित कर उन्हें उपप्रधानमंत्री की जिम्मेदारी सौंपी जाए।”

फडणवीस को लेकर पहले भी कर चुके हैं दावा

संजय राउत इससे पहले भी प्रधानमंत्री मोदी के उत्तराधिकारी को लेकर बयान दे चुके हैं। मार्च 2025 में उन्होंने दावा किया था कि आरएसएस मोदी के उत्तराधिकारी को तय करेगा और वह महाराष्ट्र से हो सकता है। उस समय देवेंद्र फडणवीस ने इन अटकलों को खारिज करते हुए कहा था कि 2029 में नरेंद्र मोदी ही प्रधानमंत्री होंगे।

सितंबर 2026 में भी फडणवीस ने राष्ट्रीय राजनीति में जाने की अटकलों को खारिज किया था। उन्होंने कहा था कि उनके नेतृत्व की जिम्मेदारी महाराष्ट्र में 2029 तक रहने की है।

राउत का दावा- फडणवीस को दिल्ली लाने की तैयारी

संजय राउत ने दावा किया कि फडणवीस को दिल्ली लाकर उन्हें बड़ी जिम्मेदारी देने की चर्चा चल रही है। उनके मुताबिक, संघ स्तर पर यह विचार है कि जिस नेता को भविष्य में प्रधानमंत्री पद की जिम्मेदारी मिल सकती है, उसे पहले उपप्रधानमंत्री बनाया जाए।

राउत ने फडणवीस को यह भी सलाह दी कि यदि उन्हें राष्ट्रीय राजनीति में बड़ी भूमिका मिलती है तो उन्हें महाराष्ट्र में लोकतांत्रिक संस्थाओं को मजबूत करने पर ध्यान देना चाहिए।

‘मोदी और शाह की स्थिति ठीक नहीं’

संजय राउत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को लेकर भी कई राजनीतिक दावे किए। उन्होंने कहा कि देश का राजनीतिक माहौल तेजी से बदल रहा है और भाजपा तथा संघ के भीतर भी बदलाव की स्थिति है। आने वाले समय में मोदी सरकार और भाजपा के नेतृत्व को लेकर बड़े फैसले हो सकते हैं।

उन्होंने कहा, पीएम मोदी और अमित शाह की स्थिति उनकी अपनी पार्टी और संघ के भीतर खराब है। संघ के लिए भी अब वे एक तरह का बोझ महसूस होने लगे हैं।दोनों के खिलाफ जनता का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। सत्ता में शामिल कई लोग अब उनसे दूरी बनाने की कोशिश कर रहे हैं।

शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे के करीबी सहयोगी राउत के दावों पर अब तक संघ या भाजपा की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *