पंजाब कांग्रेस में दरारें एक बार फिर तब सामने आईं जब राज्य इकाई के निवर्तमान प्रमुख अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने इस पद से अपने हटने को पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी की जीत बताया और साथ ही यह भी संकेत दिया कि शायद नवनियुक्त AICC महासचिव प्रभारी सचिन पायलट उन्हें हटाना चाहते थे। पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PPCC) प्रमुख के पद से औपचारिक रूप से इस्तीफा देने के बाद वडिंग ने कहा कि चन्नी साहब की जीत हुई है।
वडिंग ने जोर देकर कहा कि किसी ने उनसे इस्तीफा देने के लिए नहीं कहा था, उन्होंने अपनी मर्जी से ऐसा किया। इससे पहले शुक्रवार को वड़िंग ने पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात की और पंजाब इकाई के प्रमुख के तौर पर अपना औपचारिक इस्तीफा उन्हें सौंपा। उनकी जगह भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान परगट सिंह को पंजाब कांग्रेस का प्रमुख बनाया गया है। वड़िंग चार साल से ज्यादा समय तक प्रदेश कांग्रेस के प्रमुख रहे और उनका इस्तीफा राज्य में अगले साल की शुरुआत में होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले आया है। उनके इस्तीफे से पहले राज्य इकाई में लंबे समय से अंदरूनी कलह चल रही थी और चन्नी तथा कुछ अन्य नेताओं ने उन्हें हटाने की मांग की थी।
इसे भी पढ़ें: पंजाब Congress प्रमुख पद से Amarinder Singh Raja Warring का इस्तीफा, Pargat Singh को कमान
वड़िंग ने बाद में कहा कि मुझसे किसी ने इस्तीफा देने के लिए नहीं कहा। मुझे हालात का अंदाजा हो गया था और जब मुझे लगा कि स्थिति चरम पर पहुंच गई है, तो मैंने अपनी मर्जी से इस्तीफा दे दिया और अपना सोशल मीडिया हैंडल बदलकर ‘पूर्व प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष’ कर लिए। उन्होंने कहा कि शायद सचिन पायलट को लगा कि मेरे लिए पीसीसी अध्यक्ष के रूप में बने रहना उचित नहीं था। चन्नी साहब जीत गए हैं। वड़िंग ने कहा कि उन्होंने पिछले साढ़े चार सालों में पार्टी नेतृत्व को अपनी राय दी, और हो सकता है कि पायलट ने पार्टी को कुछ नयी राय दी हो।
इसे भी पढ़ें: पंजाब कांग्रेस की कमान अब हॉकी दिग्गज के हाथों में… राजा वडिंग के इस्तीफे के बाद परगट सिंह बने नए प्रदेश अध्यक्ष
उन्होंने कहा कि पता चला है कि सचिन जी चाहते थे कि मुझे हटा दिया जाए।” लुधियाना के सांसद ने कहा कि राहुल गांधी के साथ पंजाब की राजनीति के साथ-साथ कई व्यक्तिगत और पारिवारिक मामलों पर चर्चा हुई, और बातचीत सकारात्मक रहीं। उन्होंने कहा कि वह ऐसे आंतरिक पार्टी मामलों के बारे में कैमरे पर बात करना पसंद नहीं करेंगे। वड़िंग ने कहा, “पंजाब कैडर बहुत मजबूत है, और हमने बूथ से लेकर राज्य स्तर तक एक पूर्ण संगठनात्मक ढांचा तैयार किया है। कांग्रेस जमीनी स्तर पर बहुत मजबूत है।

