चुनाव आयोग को लेकर विपक्ष का क्या है प्लान? शिवसेना (UBT) नेता संजय राउत ने किया खुलासा

चुनाव आयोग को लेकर विपक्ष का क्या है प्लान? शिवसेना (UBT) नेता संजय राउत ने किया खुलासा

Maharashtra Politics: शिवसेना (UBT) के नेता संजय राउत ने शनिवार को विपक्षी दलों को लेकर बड़ा दावा किया है। राउत ने कहा कि विपक्षी दल चुनाव आयोग के खिलाफ मुंबई में एक बड़ा संयुक्त मार्च निकालने की तैयारी कर रहे हैं। साथ ही प्रस्तावित मार्च के रूट को लेकर शिवसेना (UBT) प्रमुख उद्धव ठाकरे और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) प्रमुख राज ठाकरे के बीच चर्चा भी हुई है।

मार्च के रूट में बदलाव

सांसद राउत ने आगे कहा कि पहले जिस रूट पर मार्च निकालने का फैसला हुआ था, वह सुविधाजनक नहीं था। इसके चलते अब रूट में बदलाव किया गया है। उन्होंने दावा किया कि शेतकरी कामगार पक्ष, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP), कांग्रेस और वाम दलों ने भी इस आंदोलन को समर्थन दिया है।

‘जनवरी तक बड़े राजनीतिक बदलाव संभव’

सांसद संजय राउत ने मोदी सरकार और बीजेपी के नेतृत्व में संभावित बदलाव को लेकर भी कई दावे किए। उन्होंने कहा कि जनवरी तक देश की राजनीति में बड़े राजनीतिक भूकंप देखने को मिल सकते हैं।

राउत ने यह दावा भी किया कि RSS चाहता है कि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस उपप्रधानमंत्री बनें और उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संभावित उत्तराधिकारी के तौर पर देखा जा रहा है। 

पूर्णेकर हत्याकांड पर भी राउत के आरोप

पूर्णेकर हत्याकांड को लेकर संजय राउत ने बीजेपी नेता नाइक और संजय केलकर से मामले में अधिक सक्रिय भूमिका निभाने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि मामले के आरोपियों के संबंध एकनाथ शिंदे गुट से रहे हैं।

सीट शेयरिंग पर ‘फ्रेंडली कॉन्टेस्ट’ का विकल्प

आगामी चुनावों को लेकर विपक्षी गठबंधन के घटक दलों के बीच सीट बंटवारे पर भी चर्चा जारी है। राउत ने कहा कि गठबंधन के नेताओं की बैठक हो चुकी है और अलग-अलग दलों की अपनी-अपनी राजनीतिक गणनाएं हैं।

उन्होंने बताया कि अमरावती और मराठवाड़ा की दो सीटों को लेकर बातचीत चल रही है। यदि किसी एक राय पर सहमति नहीं बनती है तो फ्रेंडली कॉन्टेस्ट यानी गठबंधन के सहयोगी दलों के बीच दोस्ताना मुकाबले का विकल्प भी अपनाया जा सकता है।

राहुल गांधी बोले- ‘लाठी, गोली या बंदूक नहीं रोक सकती’

इस बीच कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी विरोध प्रदर्शनों और पुलिस कार्रवाई को लेकर सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विपक्षी कार्यकर्ता लाठी, गोली या पैलेट गन से डरने वाले नहीं हैं।

राहुल गांधी ने जंतर-मंतर और मुंबई में हुए प्रदर्शनों का जिक्र करते हुए कहा कि गिरफ्तारी और पुलिस के साथ टकराव के बावजूद युवा और कार्यकर्ता लगातार प्रदर्शन में शामिल हो रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *