Siya Goyal Chetan Chaudhary: महाराष्ट्र के लोहगढ़ किले पर केतन अग्रवाल की मौत के मामले में पुलिस की जांच से कई चौंकाने वाली जानकारियां सामने आई हैं। पुलिस के चार्जशीट के मुताबिक, सिया गोयल ने कथित तौर पर उस जगह की पहले ही रेकी की थी, जहां 18 जून को केतन को खाई में धकेले जाने का आरोप है। जांच में यह भी सामने आया है कि 31 मई को लोहगढ़ पहुंचने के दौरान सिया ने अपने मंगेतर केतन को उसी स्थान पर खड़ा कर अलग-अलग एंगल से उसकी तस्वीरें ली थीं।
इस मामले में पुलिस ने 5,053 पन्नों का चार्जशीट दाखिल किया है। इसमें सिया गोयल, चेतन चौधरी और रितेश हांगे के खिलाफ जांच के दौरान जुटाए गए सबूतों का उल्लेख किया गया है। हालांकि, चार्जशीट में दर्ज आरोपों पर अंतिम फैसला अदालत में होना बाकी है।
जिस जगह केतन की मौत हुई, वहां पहले भी पहुंची थी सिया
पुलिस के अनुसार, सिया और केतन 31 मई को लोहगढ़ गए थे। जांच में दावा किया गया है कि जिस जगह से 18 जून को केतन को कथित तौर पर खाई में धकेला गया, उसी स्थान पर सिया ने 31 मई को केतन को खड़ा किया था।
इसके बाद केतन की कई तस्वीरें अलग-अलग कोणों से ली गईं। तस्वीरों में केतन के पीछे से किले के नीचे दिखाई देने वाले बांध का पानी और आसपास का प्राकृतिक नजारा दिखाई दे रहा था। पुलिस का दावा है कि इन तस्वीरों का कथित योजना में इस्तेमाल किया गया।
जांच दस्तावेजों के अनुसार, सिया और केतन 14 जून को भी लोहगढ़ गए थे। पुलिस के मुताबिक, उस दौरान भी केतन को खाई में धकेलने का कथित प्रयास किया गया था, लेकिन वह सफल नहीं हुआ।
1800 चैट और डिजिटल डेटा की फॉरेंसिक जांच
मामले की जांच में पुलिस ने डिजिटल सबूतों पर भी खास ध्यान दिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों से संबंधित 1,801 चैटिंग और डिजिटल गतिविधियों का डेटा जांच के दायरे में आया। इनमें से 11 व्हाट्सऐप चैट कथित तौर पर डिलीट कर दी गई थीं। पुलिस का दावा है कि फॉरेंसिक जांच के जरिए इन डिलीट चैट को फिर से हासिल किया गया।
चार्जशीट में मोबाइल फोन, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR), तस्वीरों और तकनीकी विश्लेषण रिपोर्ट को भी सबूत के तौर पर शामिल किए जाने की जानकारी सामने आई है।
पुलिस ने आरोपियों के मोबाइल फोन में मौजूद अलग-अलग ऐप और प्लेटफॉर्म के डेटा की भी जांच की गई। इसमें चैटजीपीटी, गूगल सर्च, व्हाट्सएप, इन्स्टाग्राम, फेसबुक, स्नैपचैट, बायोमी और अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म से जुड़े डेटा को शामिल किया गया।
जांच में सामने आए आंकड़ों के अनुसार, बायोमी ऐप से 135, चैटजीपीटी से 81, फेसबुक से 19, इंस्टाग्राम से 248, नॉलेजसी से 151, नेटिव मैसेज से 262, रिसेंट से 410, स्नैपचैट से 128 और व्हाट्सऐप से 367 चैट या सर्च से संबंधित रिकॉर्ड की जांच की गई।
पुलिस के मुताबिक, इन डिजिटल रिकॉर्ड का तकनीकी विश्लेषण कर आरोपियों के बीच हुई बातचीत और उनकी गतिविधियों की कड़ियों को जोड़ने का प्रयास किया गया।
धक्का दिया और फिर मार दी लात- चश्मदीद का खुलासा
केतन अग्रवाल की लोहगढ़ किले से गिरने के बाद मौत को शुरुआत में दुर्घटना के तौर पर देखा जा रहा था। हालांकि, पुलिस की जांच और चार्जशीट में शामिल डिजिटल एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामला अब पूर्वनियोजित साजिश के आरोपों की दिशा में आगे बढ़ा है।
18 जून की सुबह केतन और सिया लोहगढ़ पहुंचे थे, जहां आरोपी चेतन चौधरी पहले से ही भेष बदलकर मौजूद था। सिया केतन को उसी पहले से तय जगह पर ले गई। जब केतन खाई की ओर देख रहा था, तभी सिया के इशारे पर चेतन ने उसे पीछे से जोरदार धक्का दिया। केतन ने खुद को संभालने की कोशिश की, लेकिन नीचे बैठी सिया ने उसके पैर पर जोर से लात मार दी, जिससे संतुलन बिगड़ने पर केतन सैकड़ों फीट गहरी खाई में जा गिरा और उसकी दर्दनाक मौत हो गई।

