पानीपत जिले में टेलीग्राम चैनल के जरिए निवेश में मुनाफे का झांसा देकर एक व्यक्ति से 1.14 लाख रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि आरोपियों ने पहले टेलीग्राम पर निवेश संबंधी विज्ञापन दिखाया और बाद में व्हाट्सएप के माध्यम से अलग-अलग यूपीआई आईडी पर रकम ट्रांसफर करवाई। पैसे लेने के बाद आरोपियों ने मोबाइल नंबर बंद कर दिए। ठगी का पता चलने पर पीड़ित ने पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। साइबर थाना पुलिस को दी शिकायत में मस्तान चौक निवासी अभिषेक सिंधवानी ने बताया कि उसने टेलीग्राम पर नवजोत बरार ऑफिशियल टीएमआर नामक चैनल पर निवेश संबंधी अवसर का विज्ञापन देखा था। इसके बाद व्हाट्सएप पर आगे की प्रक्रिया समझाने के लिए उसे मोबाइल नंबर दिया गया। बदलते गए नंबर, यूपीआई से मंगवाई रकम शिकायत के अनुसार, इस नंबर से बातचीत के दौरान अभिषेक से यूपीआई आईडी पर अलग-अलग रकम भेजने को कहा गया। इसके बाद एक यूपीआई आईडी पर भी रकम मांगी गई। आगे बातचीत के लिए उसे एक और नंबर दिया गया। इसके बाद फिर एक नए नंबर से मैसेज के माध्यम से संपर्क हुआ। 12 दिन में हड़पे 1.14 लाख शिकायतकर्ता के अनुसार, सामने वाले लोगों की ओर से दी गई जानकारी और आश्वासनों पर विश्वास करते हुए उसने उनके बताए बैंक खातों और यूपीआई माध्यमों से रकम भेज दी। 7 अगस्त से 19 अगस्त 2026 के बीच किए गए इन लेनदेन में उसकी कुल 1,13,953.11 रुपये की रकम चली गई। पहले एनसीआरबी को दी शिकायत बाद में जब निवेश से संबंधित लोगों से संपर्क नहीं हुआ और मोबाइल नंबर बंद हो गए तो उसे ठगी का पता चला। अभिषेक ने आरोप लगाया कि निवेश के नाम पर उसके साथ छल करके रकम हड़प ली गई। मामले में उसने पहले NCRB पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद साइबर थाना पहुंचकर लिखित शिकायत देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की।

