फिरोजाबाद में शुक्रवार शाम खेत पर पशुओं के लिए घास लेने गई महिला की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों और ग्रामीणों ने तलाश शुरू की। खेत में महिला का खून से लथपथ शव पड़ा मिला। सिर पर धारदार हथियार से वार के निशान मिले। सूचना पर एसपी देहात अनुज चौधरी और सीओ चंचल त्यागी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना नगला खंगर थाना क्षेत्र के कौरारी खेड़ा गांव का है। देर तक घर नहीं लौटी तो तलाश शुरू की कौरारी खेड़ा निवासी सोनी (38) पत्नी संदीप शुक्रवार शाम करीब 7 बजे पशुओं के लिए घास काटने खेत पर गई थीं। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने ग्रामीणों के साथ उनकी तलाश शुरू की। खेत में सोनी का शव पड़ा मिला। सिर पर धारदार हथियार से चोट के निशान थे। फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य सूचना मिलते ही थाना प्रभारी विनोद कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से फिंगरप्रिंट समेत अन्य साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। हत्या के कारण और आरोपी का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। पति की दो साल पहले हुई थी दुर्घटना ग्रामीणों के मुताबिक, सोनी के पति संदीप करीब दो वर्ष पहले सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए थे। इसके बाद उनका मानसिक संतुलन बिगड़ गया था। सोनी का 13 वर्षीय बेटा ननिहाल में रहकर पढ़ाई करता है। परिवार की जिम्मेदारी सोनी ही संभाल रही थीं। जेठ पर शक, घटना के बाद से फरार परिजनों की ओर से परिवार के ही जेठ पर हत्या का शक जताया जा रहा है। बताया गया कि घटना के बाद से वह फरार है। प्रारंभिक जांच में पुलिस की सुई परिवार के कुछ नजदीकी लोगों की ओर भी घूम रही है। हालांकि अभी हत्या की वजह और आरोपी की पुष्टि नहीं हुई है। थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

