2027 से पहले पश्चिम में कांग्रेस की किसान अधिकार यात्रा:शुकतीर्थ से यात्रा को अजय राय ने दिखाई हरी झंडी, मोरना में राजेंद्र पाल गौतम ने किसानों को संबोधित किया

2027 से पहले पश्चिम में कांग्रेस की किसान अधिकार यात्रा:शुकतीर्थ से यात्रा को अजय राय ने दिखाई हरी झंडी, मोरना में राजेंद्र पाल गौतम ने किसानों को संबोधित किया

उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में किसानों के बीच जनजागरण अभियान शुरू कर दिया है। मुज़फ़्फ़रनगर की मीरापुर विधानसभा क्षेत्र के शुकतीर्थ से कांग्रेस की किसान अधिकार यात्रा का आगाज हुआ। प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने शुक्रवार अपराह्न करीब 4 बजे यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यात्रा पश्चिमी यूपी के अलग-अलग जनपदों और विधानसभा क्षेत्रों से होकर गुजरेगी। कांग्रेस की ओर से इसे किसानों के मुद्दों को लेकर जनसंवाद अभियान के तौर पर आगे बढ़ाया जा रहा है। यात्रा के दौरान कांग्रेस प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम मोरना स्थित द गंगा सहकारी चीनी मिल परिसर पहुंचे और किसानों को संबोधित किया। उन्होंने केंद्र की मोदी सरकार पर किसानों से किए गए वादे पूरे नहीं करने का आरोप लगाया। गौतम ने कहा कि किसानों की आय दोगुनी करने, फसलों पर एमएसपी का डेढ़ गुना मूल्य देने और गन्ना किसानों का भुगतान समय पर कराने जैसे वादे किए गए थे, लेकिन किसान आज भी परेशान हैं। किसानों की अनदेखी करने का आरोप राजेंद्र पाल गौतम ने गन्ना किसानों के बकाये का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि चीनी मिलों पर किसानों का बड़ी मात्रा में भुगतान बकाया है और कई किसान आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं। उन्होंने तीन कृषि कानूनों के खिलाफ हुए किसान आंदोलन का जिक्र करते हुए भी केंद्र सरकार पर किसानों की अनदेखी करने का आरोप लगाया। कांग्रेस की इस यात्रा का फोकस पश्चिमी यूपी के किसान बहुल इलाकों में पहुंचकर स्थानीय समस्याओं को उठाने पर है। पार्टी की घोषित यात्रा योजना के मुताबिक शुकतीर्थ से शुरू होकर यह अभियान पश्चिमी यूपी के कई जिलों और विधानसभा क्षेत्रों तक जाएगा। वहीं सपा-कांग्रेस गठबंधन में कथित दरार और एमएलसी चुनाव को लेकर पूछे गए सवाल पर राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि कांग्रेस उत्तर प्रदेश में एमएलसी चुनाव नहीं लड़ रही है। उन्होंने कहा कि फिलहाल पार्टी का पूरा ध्यान 2027 विधानसभा चुनाव के लिए संगठन को मजबूत करने पर है। प्रदेश अध्यक्ष बदले जाने के सवाल पर गौतम ने कहा कि फिलहाल अजय राय ही प्रदेश अध्यक्ष हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *