भुवनेश्वर, दो अक्टूबर ओडिशा राज्य महिला आयोग ने यहां एक घर में बुधवार रात बंदूक दिखाकर युवती से कथित दुष्कर्म के मामले में भुवनेश्वर के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) से रिपोर्ट तलब की है। पुलिस ने बताया कि भुवनेश्वर के नयापल्ली थाना क्षेत्र में किराये के फ्लैट में रहने वाली 26-वर्षीय एक युवती से एक ‘‘नकाबपोश व्यक्ति’’ ने बंदूक दिखाकर कथित तौर पर दुष्कर्म किया। अधिकारियों ने बताया कि आयोग ने मामले पर स्वत: संज्ञान लेते हुए भुवनेश्वर के पुलिस उपायुक्त से 15 दिनों के भीतर विस्तृत रिपोर्ट तलब की है।
आयोग की सदस्य उर्मिला महापात्रा शुक्रवार को नयापल्ली थाने पहुंची और जांच अधिकारियों के साथ मामले पर चर्चा की। महापात्रा ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘ओडिशा में महिलाएं सुरक्षित हैं। हालांकि, घटनाएं कहीं भी हो सकती हैं, घर के अंदर, बस स्टैंड पर या सड़क पर चलते समय, लेकिन युवाओं की गलत मानसिकता को बदलने की जरूरत है।’’
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने इस मामले को गंभीरता से लिया है और पुलिस घटना की सच्चाई का पता लगाने के लिए गहन जांच कर रही है।
महापात्रा ने कहा, ‘‘पीड़िता, आरोपी को नहीं जानती है। पुलिस पीड़िता की शिकायत के आधार पर जांच कर रही है और मुझे उम्मीद है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।’’
भुवनेश्वर के पुलिस उपायुक्त सारवण विवेक एम. ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए हमने कई टीमें गठित की हैं। मामले की जांच जारी है।

