सिरसा के डबवाली में खरीफ सीजन के लिए फसल खरीद की व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। मार्केट कमेटी डबवाली ने किसानों को बेहतर सुविधाएं देने की तैयारी की है। चेयरमैन सतीश जग्गा की देखरेख में मंडियों और खरीद केंद्रों पर खरीद, तौल, नमी जांच, सफाई, बिजली, पानी और सुरक्षा की व्यवस्था की गई है। डबवाली क्षेत्र में धान की खरीद 10 जगहों पर होगी। इनमें अनाज मंडी डबवाली, अबूबशहर, चौटाला, लोहगढ़, हैबूआना, देसूजोधा, चट्ठा, मौजगढ़, कालुआना और जंडवाला बिश्नोइयां शामिल हैं। बाजरे की खरीद डबवाली, गोरिवाला और चौटाला के 3 केंद्रों पर होगी। 200 लोगों की टीम संभालेगी काम खरीद सीजन में करीब 200 लोगों की टीम काम संभालेगी। इसमें मार्केट कमेटी के 75 कर्मचारी और 17 सदस्य हैं। गेट पास, नीलामी और बायोमेट्रिक व्यवस्था के लिए 43 अस्थायी और 17 सीएससी कर्मचारी लगाए गए हैं। खरीद एजेंसियों, ट्रांसपोर्टरों और पुलिस के कर्मचारी भी तैनात रहेंगे।

