पानीपत शहर की गीता कॉलोनी की रहने वाली एक महिला व्यापारी साइबर जालसाजों की ठगी का शिकार हो गई हैं। फेसबुक पर ड्राई फ्रूट्स (बादाम और मखाने) का आकर्षक विज्ञापन देकर ठगों ने झांसा दिया और स्कैनर व लिंक भेजकर महिला के बैंक खाते से 1,67,000 रुपए पार कर दिए। पीड़िता ने इस संबंध में साइबर अपराध पुलिस थाना को लिखित शिकायत देकर कार्रवाई और राशि वापस दिलाने की गुहार लगाई है। फेसबुक एड पर नंबर देखकर किया था संपर्क साइबर थाने को दी शिकायत में गीता मंदिर रोड स्थित गीता कॉलोनी निवासी उर्मिला रानी ने बताया कि वे कॉस्मेटिक सामान का कारोबार करती हैं और उनके तीन बच्चे विदेश में रहते हैं। पीड़िता के अनुसार, 24 सितंबर को उन्होंने फेसबुक पर सस्ते दामों में बादाम और मेवे बेचने का विज्ञापन देखा। विज्ञापन में दिए गए मोबाइल नंबर पर उन्होंने व्हाट्सएप के जरिए संपर्क किया और बादाम व मखाने का ऑर्डर बुक किया। इसके एवज में उन्होंने शुरुआती भुगतान के तौर पर 1,100 रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए। झांसे में लेकर भेजा स्कैनर और लिंक, खाते से उड़े ₹1.67 लाख एडवांस पेमेंट मिलने के बाद जालसाजों ने महिला को बातों के जाल में फंसा लिया। इसके बाद ठगों ने व्हाट्सएप पर एक संदिग्ध लिंक और स्कैनर भेजा। जैसे ही पीड़िता ने दिए गए निर्देशों का पालन किया, उनके बैंक खाते से 1 लाख 67 हजार रुपए कट गए। खाते से भारी-भरकम राशि कटने का मैसेज मिलते ही महिला को ठगी का अहसास हुआ और उन्होंने तुरंत पुलिस से संपर्क किया। पुलिस जांच में जुटी, एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया जारी पीड़िता उर्मिला रानी की शिकायत के आधार पर पानीपत साइबर क्राइम पुलिस ने संबंधित मोबाइल नंबर, व्हाट्सएप चैट और बैंक ट्रांजैक्शन की डिटेल्स के आधार पर जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा संबंधित बैंक खातों को फ्रीज कराने और साइबर अपराधियों की लोकेशन ट्रेस करने का प्रयास किया जा रहा है।

