इटावा में गांधी यात्रा में पहुंचे सपा सांसद आदित्य यादव:चुनाव आयोग, ओवैसी और 2027 चुनाव पर बोले; 6 अक्टूबर को EC कार्यालय कूच का ऐलान

इटावा में गांधी यात्रा में पहुंचे सपा सांसद आदित्य यादव:चुनाव आयोग, ओवैसी और 2027 चुनाव पर बोले; 6 अक्टूबर को EC कार्यालय कूच का ऐलान

इटावा में गांधी जयंती के अवसर पर शुक्रवार सुबह 11 बजे पचराहा से गांधी यात्रा निकाली गई। समाजवादी अल्पसंख्यक सभा के जिलाध्यक्ष फरहान शकील के नेतृत्व में निकली यात्रा नुमाइश पंडाल पहुंचकर समाप्त हुई। बदायूं से सपा सांसद आदित्य यादव यात्रा में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए। गांधी जयंती समारोह के बाद उन्होंने मंच से संबोधन किया और मीडिया से बातचीत में चुनाव आयोग, राज्यसभा चुनाव, असदुद्दीन ओवैसी और 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी बात रखी। मीडिया से बातचीत में आदित्य यादव ने चुनाव आयोग की भूमिका पर सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि चुनाव आयोग ने 13 करोड़ लोगों के वोट काटे हैं। उनका आरोप है कि लगातार सवाल उठाए जाने के बावजूद मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की ओर से कोई जवाब नहीं आया। उन्होंने दावा किया कि ये वोट सरकार के इशारे पर काटे गए हैं। 6 अक्टूबर को चुनाव आयोग कार्यालय कूच का ऐलान आदित्य यादव ने कहा कि 6 अक्टूबर को समाजवादी पार्टी समेत इंडिया ब्लॉक के नेता और प्रतिनिधि चुनाव आयोग के कार्यालय की ओर कूच करेंगे। उन्होंने चुनाव आयोग से इस्तीफा देने और जिन लोगों के वोट काटे गए हैं, उनका मतदान का अधिकार वापस करने की मांग की। नाथवानी के सपा से नामांकन को बताया संकेत राज्यसभा चुनाव में उद्योगपति नाथवानी के समाजवादी पार्टी से नामांकन पर आदित्य यादव ने कहा कि देश के बड़े उद्योगपति का सपा से नामांकन करना संकेत है कि उद्योगपतियों ने भी मान लिया है कि उत्तर प्रदेश की सत्ता भाजपा के हाथ से जाने वाली है। उन्होंने कहा कि देश की हवा बदल रही है और इसका पहला इशारा उद्योगपतियों की तरफ से दिखाई दे रहा है। उनके मुताबिक उद्योगपति समाजवादी पार्टी के साथ आ रहे हैं, इसलिए भाजपा डरी और घबराई हुई है। ओवैसी पर बोले- तय करना होगा किस तरफ हैं असदुद्दीन ओवैसी के साथ गठबंधन के सवाल पर आदित्य यादव ने कहा कि ओवैसी का काम आरोप लगाने का है। उन्होंने कहा कि ओवैसी को तय करना होगा कि वह किस तरफ हैं। उनके मुताबिक बीच का रास्ता नहीं चलेगा। 2027 में सीट शेयरिंग पर बोले- गठबंधन के दल तय करेंगे 2027 के विधानसभा चुनाव में सीट शेयरिंग को लेकर आदित्य यादव ने कहा कि इसका फैसला गठबंधन के मुख्य दल मिलकर करेंगे। उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन में कोई मतभेद नहीं है और सभी लोग एक साथ चुनाव लड़ेंगे। सीटों के बंटवारे पर सभी दल बैठकर फैसला करेंगे। उन्होंने दावा किया कि इंडिया ब्लॉक के सभी घटक दल एकजुट हैं और मिलकर भाजपा के खिलाफ चुनाव मैदान में उतरेंगे। आगे की रणनीति गठबंधन के सभी दल मिलकर तय करेंगे। इस मौके पर सपा जिलाध्यक्ष प्रदीप शाक्य और सपा सांसद जितेंद्र दोहरे समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *