सिंगरौली जिले के लंघाडोल थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम दो मोटरसाइकिलों की भिड़ंत में घायल तीन युवकों को बैढ़न जिला अस्पताल ले जा रही कोल कंपनी की तेज रफ्तार एम्बुलेंस रास्ते में ही हादसे का शिकार हो गई। सितुलखुर्द और जरहा गांव के बीच एम्बुलेंस ने एक अन्य बाइक सवार को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर के बाद एम्बुलेंस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। पहले हादसे में घायल हुए तीनों युवकों को दूसरे हादसे में भी गंभीर चोटें आई हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए बैढ़न के ‘सिंगरौली रिसर्च हॉस्पिटल’ में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। पहले सुलियरी में भिड़ीं दो बाइकें जानकारी के मुताबिक, गुरुवार दोपहर सुलियरी में दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने सीधी भिड़ंत हो गई थी। इस हादसे में झलरी निवासी संतोष (20 वर्ष), तनवीर (26 वर्ष) और झारखंड निवासी अफजल अंसारी (22 वर्ष) घायल हो गए थे। तीनों को इलाज के लिए कोल कंपनी की एम्बुलेंस से जिला अस्पताल बैढ़न भेजा जा रहा था। रास्ते में एम्बुलेंस ने बाइक सवार को रौंदा, मौके पर मौत शाम करीब 5 बजे एम्बुलेंस जैसे ही सितुलखुर्द और जरहा के बीच पहुंची, तभी सामने से आ रहे बाइक सवार रामफल गुप्ता (52 वर्ष), निवासी लंघाडोल को तेज रफ्तार एम्बुलेंस ने अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि रामफल गुप्ता की मौत हो गई। वहीं एम्बुलेंस भी अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे एम्बुलेंस में सवार तीनों पहले से घायल युवकों को और ज्यादा चोटें आ गईं। शव सड़क पर रखकर लगाया जाम हादसे से भड़के ग्रामीणों और परिजन ने मृतक रामफल गुप्ता का शव सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही माड़ा थाना प्रभारी शिवपूजन मिश्रा और खुटार पुलिस चौकी की टीम भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। करीब दो घंटे तक चले हंगामे और धरने के बाद पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाया। मृतक के आश्रितों को संबल योजना के तहत 4 लाख रुपए और कंपनी की तरफ से 1 लाख रुपए (कुल 5 लाख रुपए) की आर्थिक मदद देने का आश्वासन दिया गया। इसके बाद परिजन शांत हुए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने पर राजी हुए। शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा, वहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

