Dungarpur Fake Currency : गर्लफ्रेंड के महंगे शौक पूरा करने की थी चाहत-बनना था अमीर, पुलिस ने किया बड़ा खुलासा

Dungarpur Fake Currency : गर्लफ्रेंड के महंगे शौक पूरा करने की थी चाहत-बनना था अमीर, पुलिस ने किया बड़ा खुलासा

Dungarpur Fake Currency : डूंगरपुर. गर्लफ्रेंड को घुमाने-फिराने और उसके महंगे शौक पूरे करने और जल्द अमीर बनने की चाहत में नयन जोशी ने नकली नोट का अवैध कारोबार शुरू किया था। एक बैंक खाता भी कथिततौर पर उसकी गर्लफ्रेंड के नाम से था। अब पुलिस जल्द ही आरोपी की गर्लफ्रेंड से भी पूछताछ करेगी। करीब 4 लाख 65 हजार के नकली नोट जब्त करने के मामले में आरोपियों से पुलिस पूछताछ में यह खुलासा हुआ है।

पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने के लिए पुलिस ने तीन विशेष टीमों का गठन किया है। आरोपी भावेश खटीक और नयन शहर की वसुंधरा विहार कॉलोनी में किराए का कमरा लेकर इस अवैध कारोबार को चला रहे थे। नोटों को बाजार में खपाने की फिराक में थे। वहीं, मामले में फरार तीसरे आरोपी राहुल लबाना निवासी माड़ा की तलाश के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

इसकी भी जांच

1- नकली नोट छापने के लिए पेपर, प्रिंटर और अन्य सामग्री कहां से और किससे खरीदते थे?
2- अवैध कारोबार कब से चला रहे थे और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं?

पहले भी सामने आ चुके हैं मामले

1- अक्टूबर 2023 : दिल्ली क्राइम ब्रांच ने अजमेर में सक्रिय एक नकली नोट गिरोह का पर्दाफाश किया था। सागवाड़ा के दो युवकों का कनेक्शन सामने आया था। वे करीब 6 लाख रुपए के नकली नोट के साथ दिल्ली पहुंचे थे।
2- वर्ष 2008 : जिले में शराब तस्करी के एक मामले में आरोपी की तलाशी के दौरान 100-100 रुपए के छह नकली नोट बरामद हुए थे।

खोली जाएंगी परतें

नकली नोट से जुड़े मामले में गहनता से जांच की जा रही है। इस पूरे नेटवर्क की परतें खोली जाएंगी।
मनीष कुमार, एसपी, डूंगरपुर

जानें क्या है पूरा मामला?

थानाधिकारी कैलाश पंचारिया ने बताया कि मंगलवार रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि माड़ा स्कूल मैदान में कुछ लोग नकली नोटों के साथ मौजूद हैं। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां एक कार और स्कूटी खड़ी मिली। पुलिस ने घेराबंदी कर कार के पास पहुंचकर कार्रवाई शुरू की तो कार में तीन युवक बैठे मिले। इसी दौरान एक युवक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भाग निकला। पुलिस ने दो युवकों को पकड़ लिया। पुलिस ने कार की तलाशी ली तो पीछे की सीट पर एक बॉक्स रखा मिला। बॉक्स खोलने पर उसमें बड़ी संख्या में नोट रखे हुए थे। जांच करने पर सभी नोट नकली पाए गए। बॉक्स में 500 रुपए के चार बंडल और 191 खुले नोट मिले। पुलिस के अनुसार चारों बंडलों में 200-200 नोट थे। पुलिस ने कार से कुल 4 लाख 65 हजार 500 रुपए के नकली नोट जब्त किए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *