प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कर्मस्थली वाराणसी से जन्मस्थली बड़नगर तक निकाली जा रही सेवा संकल्प यात्रा गुरुवार को राजसमंद के केलवा गौशाला में पहुंची। केलवा स्थित नवल श्याम कृष्ण गौशाला में यात्रा का राजसमंद विधायक दीप्ति माहेश्वरी, भाजपा जिला अध्यक्ष जगदीश पालीवाल, गौशाला अध्यक्ष नरेंद्र बोहरा सहित पदाधिकारियों ने स्वागत किया। वाराणसी से शुरू होकर बड़नगर तक जाएगी यात्रा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर के उपलक्ष्य में वाराणसी से शुरू होकर बड़नगर तक निकाली जा रही है। यात्रा प्रभारी राघवेंद्र सिंह ने बताया कि यात्रा का उद्देश्य केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की जमीनी स्थिति की जानकारी लेना है। यात्रा के दौरान लाभार्थियों से संवाद कर उन्हें मिल रहे योजनाओं के लाभ की जानकारी ली जा रही है। इसके साथ ही गोसेवा, लाभार्थी संपर्क, युवा संवाद और युवा उद्यमियों से चर्चा कर योजनाओं को लेकर फीडबैक लिया जा रहा है। यात्रा में कुल 65 सेवा यात्री शामिल हैं। केलवा गौशाला में यात्रियों ने गायों को रचका और दलिया खिलाकर गोसेवा की। इसके बाद यात्रा नाथद्वारा के लिए रवाना हुई, जहां रात्रि विश्राम होगा। अगले दिन यात्रा उदयपुर के लिए रवाना होगी।

