BSF जवान के पिता की संदिग्ध मौत:मुंह से झाग निकलने पर परिजन अस्पताल ले गए , बेटे ने रिश्तेदारों पर आशंका जताई

BSF जवान के पिता की संदिग्ध मौत:मुंह से झाग निकलने पर परिजन अस्पताल ले गए , बेटे ने रिश्तेदारों पर आशंका जताई

कानपुर के सजेती थाना क्षेत्र के हमीरामऊ गांव में बुधवार देर शाम एक 63 वर्षीय व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान भृगुनाथ पुत्र स्व. महावीर के रूप में हुई है। सूचना पर पहुंचे मृतक के बीएसएफ जवान बेटे ने रिश्तेदारों पर पिता की मौत को लेकर आशंका जताते हुए पुलिस से शिकायत की और शव का पोस्टमार्टम कराने की मांग की। पुलिस ने पंचायतनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। भृगुनाथ तीन भाइयों में सबसे बड़े थे। गांव में अलग मकान में रहते थे। उन्होंने एक बोलेरो ले रखी थी। उसे पावर प्लांट में किराया पर लगाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। परिजनों के मुताबिक बुधवार को बोलेरो में ड्यूटी नहीं थी। इसके चलते वह सुबह गांव में घूमते रहे। शाम करीब सात बजे घर पहुंचने के बाद चारपाई पर लेट गए। बताया गया कि कुछ देर बाद उनकी बहू सविता खाना पूछने के लिए कमरे में गई। वहां भृगुनाथ चारपाई पर मुंह से झाग निकलने की स्थिति में पड़े मिले। उन्होंने पड़ोसियों और चचिया ससुर छोटे बाबू को जानकारी दी। परिजन उन्हें तत्काल सजेती के एक निजी चिकित्सक के पास लेकर पहुंचे। डॉक्टर ने हालत गंभीर बताते हुए कानपुर ले जाने की सलाह दी। कानपुर के निजी अस्पताल में डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन शव को घर वापस ले आए। घटना की सूचना राजस्थान के जोधपुर स्थित बीएसएफ ट्रेनिंग सेंटर में तैनात बेटे उदयवीर प्रजापति को दी गई। गुरुवार करीब 11 बजे घर पहुंचे उदयवीर ने पिता की मौत पर संदेह जताते हुए अपने ही कुछ रिश्तेदारों के खिलाफ सजेती पुलिस को शिकायत दी और पोस्टमार्टम कराने की मांग की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के परिवार में बेटा उदयवीर और बेटी रश्मी हैं। पत्नी कौशल्या देवी की करीब एक साल पहले हृदय गति रुकने से मौत हो गई थी। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। थाना प्रभारी का बयान- सजेती थाना प्रभारी अनुज कुमार भारती ने बताया कि बुजुर्ग के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *